दरभंगा न्यूज: राढ़ी-पश्चिमी पंचायत स्थित मध्य विद्यालय पकटोला में 15 अगस्त की दोपहर राष्ट्रीय ध्वज गायब मिलने और ध्वज स्तंभ आधा टूटा पाए जाने से मामला गरमा गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रमोद ठाकुर ने जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ध्वजारोहण के बाद बंद कर दिया गया था स्कूल
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर निर्धारित समय के अनुसार विद्यालय में ध्वजारोहण किया गया था. इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया. करीब 11 बजे विद्यालय का मुख्य द्वार बंद कर शिक्षक और छात्र अपने-अपने घर चले गए.
करीब डेढ़ बजे विद्यालय के पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने मोबाइल से एक शिक्षिका को सूचना दी कि राष्ट्रीय ध्वज मैदान में गिरा हुआ है. शिक्षिका ने महिला से ध्वज को सम्मानपूर्वक अपने पास रखने का आग्रह किया और शिक्षक या रसोइया के झंडा उतारने आने पर उसे सौंपने को कहा.
एचएम ने कहा- बदनाम करने की साजिश
प्रभारी एचएम ने बताया कि उन्होंने स्थानीय शिक्षक शुभम कुमार को शाम में राष्ट्रीय ध्वज उतारने के लिए कहा था. दोपहर करीब सवा दो बजे राकेश दास ने उन्हें फोन किया, लेकिन नींद में होने के कारण वह फोन नहीं उठा सके. बाद में एक शिक्षिका से उन्हें झंडा गिरने की जानकारी मिली.
संजय कुमार ने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है. उन्होंने मामले को लेकर थाने में लिखित शिकायत देने की बात कही है.
राकेश दास ने नुकसान पहुंचाने से किया इनकार
राकेश दास ने बताया कि उन्होंने विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज जमीन पर गिरा हुआ देखा था. इसके बाद उन्होंने तत्काल विद्यालय के शिक्षक को इसकी सूचना दी. उन्होंने झंडे को किसी तरह का नुकसान पहुंचाने के आरोप से इनकार किया है.
चारदीवारी नहीं होने से सुरक्षा पर सवाल
ग्रामीणों ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि स्कूल में पूरी तरह चारदीवारी नहीं है. सड़क की ओर चारदीवारी बनी है, लेकिन महदई पोखर की ओर खुला हिस्सा है. विद्यालय बंद होने के बाद इस रास्ते से असामाजिक तत्व परिसर में पहुंचते रहते हैं.
इधर, बीइओ ने मामले की जांच के बाद दोषी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि राष्ट्रीय ध्वज गिरने और ध्वज स्तंभ टूटने के पीछे क्या कारण था.
यह भी पढे़ं:
दरभंगा के इन इलाकों में 7 से 10 बजे तक बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, देखें पूरी लिस्ट
