Jale Fire Incident: जाले प्रखंड की राढ़ी दक्षिणी पंचायत के वार्ड चार स्थित बिहारी गांव में शनिवार की देर रात बिजली की शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गयी. हादसे में 76 वर्षीय पार्वती देवी की झुलसकर मौत हो गयी. घटना रात करीब 11.30 बजे की बतायी जा रही है.
पैर में बंधी थी ईंट, आग से निकलने में हुई परेशानी
बताया गया कि पार्वती देवी का 28 जुलाई को पैर टूट गया था. परिजन उन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच ले गये थे. इलाज के बाद चिकित्सक की सलाह पर दर्द से राहत के लिए उनके पैर में ईंट बांधी गयी थी.
शनिवार की रात बिजली कटने के कुछ देर बाद परिजनों को घर में आग लगने का पता चला. तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी. आग तेजी से फैलने पर पार्वती देवी ने उठकर बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन पैर में ईंट बंधी होने के कारण वह संतुलन नहीं बना सकीं और गिर गयीं. इसके बाद वह आग की चपेट में आ गयीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.
घर का सामान जलकर राख
घटना के समय घर में उनकी दो पुत्रवधू और पोता-पोती मौजूद थे. आग पर काबू पाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली.
आग में फूस और बांस से बना छप्पर समेत घर में रखे कपड़े, बर्तन, अनाज और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गये.
पुलिस ने शव डीएमसीएच भेजा
घटना की सूचना मिलने पर रविवार को राजस्व कर्मी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को अंत्यपरीक्षण के लिए डीएमसीएच भेज दिया.
मुखिया सुशील मिश्र ने मृतका की पुत्रवधू को कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये की सहायता प्रदान की.
बताया गया कि पार्वती देवी के दो पुत्र हैं. एक कोलकाता और दूसरा पंजाब में रहकर दैनिक मजदूरी करता है.
यह भी पढ़ें
Darbhanga News: बिरौल में राशन डीलर का लाइसेंस रद्द, अनाज गबन और कालाबाजारी का आरोप
