दरभंगा: जाले थाना क्षेत्र के कतरौल गांव में जन्माष्टमी मेला देखने गई एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और अगले दिन उसके घर पर हमला, तोड़फोड़ व मारपीट के आरोप में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. प्राथमिकी में जितेन्द्र कुमार, सतीश कुमार, नवल किशोर यादव समेत चार महिलाओं को नामजद किया गया है. सभी आरोपित कतरौल गांव के निवासी बताए गये हैं.
मेले में नाबालिग से अभद्र व्यवहार का आरोप
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि वह पांच सितंबर की शाम अपनी पुत्रवधू और पुत्री के साथ जन्माष्टमी का मेला देखने गयी थी. इसी दौरान जितेन्द्र कुमार और सतीश कुमार ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे जबरन खींचकर ले जाने का प्रयास किया.
आवेदन के अनुसार, घटना को पंचायत के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया गया था.
अगले दिन घर पर लाठी-डंडे से हमला
पीड़िता की मां के अनुसार, छह सितंबर की सुबह करीब साढ़े छह बजे आरोपितों और उनके परिजनों ने लाठी-डंडे से उसके घर पर हमला कर दिया. इस दौरान मारपीट और गाली-गलौज की गयी. आरोप है कि मारपीट में नाबालिग के सिर पर चोट लगी.
आवेदन में घर में रखे नकद रुपये और आभूषण ले जाने का भी आरोप लगाया गया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें
दरभंगा में देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर, पांच दिवसीय बैंकिंग और पीएलआई की मांग
