Darbhanga News: इस्कॉन मंदिर, दरभंगा की ओर से 16 जुलाई (गुरुवार) को भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी. रथयात्रा पोलो फील्ड, लहेरियासराय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शुभंकरपुर स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी.
इन मार्गों से गुजरेगी रथयात्रा
रथयात्रा पोलो फील्ड से निकलकर लोहिया चौक, डॉ. राजेंद्र प्रसाद चौक, बकरागंज, नाका नंबर-6, मिर्जापुर चौक, पूनम सिनेमा रोड, टावर चौक और महाराजी पुल होते हुए इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी.
यात्रा के दौरान आकर्षक रथ पर भगवान श्रीजगन्नाथ, बलदेव और माता सुभद्रा विराजमान रहेंगे तथा श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे.
108 भोग अर्पित किए जाएंगे
रथयात्रा के दौरान भगवान की महाआरती की जाएगी. साथ ही तीन प्रमुख स्थानों पर क्रेन की सहायता से भगवान को 108 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे. श्रद्धालु रस्सी से रथ खींचते हुए यात्रा में शामिल होंगे. हरिनाम संकीर्तन, भजन और कीर्तन के साथ रथयात्रा अपने गंतव्य तक पहुंचेगी.
महाप्रसाद की रहेगी व्यवस्था
रथयात्रा के समापन के बाद शुभंकरपुर स्थित इस्कॉन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है. आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से रथयात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है.
