Darbhanga IT Park: दरभंगा को सूचना प्रौद्योगिकी और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक गोपालजी ठाकुर ने शनिवार को बेंगलुरु स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआइ) के कार्यालय में देश के आइटी उद्यमियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक की.
बैठक के दौरान उन्होंने बेंगलुरु की आइटी कंपनियों एवं नवाचार आधारित उद्यमों को दरभंगा एसटीपीआइ से जोड़ने तथा यहां अपनी शाखा या कार्यालय स्थापित करने का आमंत्रण दिया.
दरभंगा एसटीपीआइ से कंपनियों को जोड़ने पर जोर
बैठक में एसटीपीआइ बेंगलुरु के निदेशक महादेश वी., वैज्ञानिक-एफ त्रिवेणी एनडी., अपर निदेशक अमित अरोड़ा, उपनिदेशक कुप्पुराज तथा एसटीपीआइ दरभंगा के तकनीकी अधिकारी गौतम कुमार मौजूद रहे.
सांसद ने कहा कि दरभंगा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे आइटी पार्क से स्थानीय युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण, रोजगार और स्टार्टअप के नये अवसर मिलेंगे. बेंगलुरु की तकनीकी क्षमता को मिथिला से जोड़ना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा.
उद्यमियों को दरभंगा एसटीपीआइ आने का न्योता
बैठक में सांसद ने इकोपाथ के संस्थापक अभिषेक छाजेड़, माय दुकान के संस्थापक सुभाष चौधरी, फ्रूटेक्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल सिंह, सिल्करूट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक विशाल कुमार, रोबोप्रेनर के संस्थापक धनंजय, यो-लर्न एआइ के संस्थापक विशाल मोतिहारी, एमसेंस की संस्थापक टीम से मौर्या एवं सुरेखा, व्हिजमाइंड्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निशांत कुमार सिन्हा, इंटेकसिस के साझेदार बालाजी, विजय संभव फाउंडेशन के संस्थापक रवि राजहंस एवं कृति, आरगी इक्विपमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के साझेदार संतोष एस., फ्यूचरल डॉट इन के संस्थापक मनीष प्रकाश और हाइपरमाइंड टेक प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक विक्रम सहित अन्य उद्यमियों को दरभंगा एसटीपीआइ का प्रत्यक्ष भ्रमण करने का न्योता दिया.
डिजिटल इंडिया से युवाओं को जोड़ना प्राथमिकता
गोपालजी ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया के विजन से मिथिला के युवाओं को जोड़ना प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि दरभंगा में स्टार्टअप और कंपनियों की शाखा स्थापित करने में केंद्र एवं बिहार सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग और समन्वय किया जायेगा.
