Benipur News: अनावृष्टि के कारण भूजल स्तर लगातार नीचे जाने से बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने लगा है. अधिकांश चापाकल सूख चुके हैं, जबकि सात निश्चय योजना के तहत संचालित नल-जल योजना भी बंद रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. सबसे अधिक असर नगर परिषद के वार्ड संख्या-21 में देखा जा रहा है, जहां लोगों को पीने के पानी के लिए भी जद्दोजहद करनी पड़ रही है.
नहाने-धोने से लेकर खाना बनाने तक में दिक्कत
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि अधिकांश चापाकल पानी देना बंद कर चुके हैं. ऐसे में नहाने-धोने की बात तो दूर, खाना बनाने और पीने के पानी का इंतजाम करना भी मुश्किल हो गया है. उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद नल-जल योजना चालू नहीं कराई जा सकी है.
मोटर जलने और पाइप क्षतिग्रस्त होने से ठप है जलापूर्ति
वार्ड पार्षद मिथिलेश यादव ने बताया कि वार्ड को बेनीपुर स्थित पीएचईडी जलमीनार से पानी की आपूर्ति की जाती है, लेकिन उसका मोटर जल चुका है. साथ ही भूमिगत पाइपलाइन भी कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसके कारण जलापूर्ति पूरी तरह बंद है.
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष उनके प्रयास से वार्ड में दो समरसेबल लगाए गए थे, जिससे कुछ हद तक लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन नियमित जलापूर्ति का विकल्प अभी भी उपलब्ध नहीं है.
टैंकर नहीं पहुंचने पर जताई नाराजगी
वार्ड पार्षद ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर प्रशासन से जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है. कार्यपालक पदाधिकारी ने गुरुवार से टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन शाम तक टैंकर नहीं पहुंचा.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वार्डवासी चरणबद्ध आंदोलन करने को विवश होंगे.
कार्यपालक पदाधिकारी से नहीं हो सका संपर्क
इस संबंध में नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी प्रथमा पुष्पांकर से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका और उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.
