डीएमसीएच में कर्मचारियों का धरना 11वें दिन भी जारी, अधीक्षक को हटाने की मांग

दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना 11वें दिन भी जारी है. अधीक्षक पर व्यवस्था सुधारने, घूसखोरी रोकने और कर्मचारियों की मांगों को नजरअंदाज करने का गंभीर आरोप है.

Darbhanga News: बिहार चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में विभिन्न मांगों के समर्थन में चल रहा धरना रविवार को 11वें दिन भी जारी रहा. आंदोलनरत कर्मचारियों ने अस्पताल अधीक्षक पर व्यवस्था सुधारने में विफल रहने, घूसखोरी और दलाली पर रोक नहीं लगाने तथा कर्मचारियों एवं नर्सों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया. कर्मचारियों ने स्वास्थ्य विभाग से हस्तक्षेप करते हुए अधीक्षक को पद से हटाने की मांग दोहराई.

DMCH News: सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की व्यवस्था पर उठाए सवाल

संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा और मंत्री अजय कुमार साह ने कहा कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के सभी विभागों में अब तक इंडोर सेवा शुरू नहीं हो सकी है. उनका आरोप है कि मात्र तीन क्वाइल बिजली तार की आपूर्ति नहीं होने के कारण पिछले पांच माह से चर्मरोग वार्ड में बिजली बाधित है, जिससे मरीजों की भर्ती नहीं हो पा रही है.

प्रभारी महोपराचारिका के मामले का भी उठाया मुद्दा

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि प्रभारी महोपराचारिका संगीता कुमारी-2 के विरुद्ध मनगढ़ंत आरोपों के आधार पर जारी पत्र अब तक वापस नहीं लिया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में भी अस्पताल प्रशासन टालमटोल की नीति अपना रहा है.

उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

धरना स्थल पर लक्ष्मण झा और लालन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित सभा में निर्णय लिया गया कि यदि स्थानीय स्तर की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन के दूसरे चरण में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा. धरना में मधु महतो, अली अहमद, प्रमोद राम, लक्ष्मण झा, लालन शर्मा, दिलीप पासवान, बैद्यनाथ लाल देव, अब्दुल कलाम खान, बसंत हरिजन, बैद्यनाथ ठाकुर, शिखा राज, कुसुम कला देवी, अमरेन्द्र कुमार सिंह सहित कई कर्मचारी शामिल रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अजय कुमार मिश्रा पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. स्वास्थ्य, एयरपोर्ट, परिवहन, सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर गंभीर और तथ्यपूर्ण रिपोर्टिंग इनकी पहचान है. आम जनजीवन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाना इनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >