डीएम ने निर्माणाधीन एयरपोर्ट टर्मिनल का किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने का निर्देश

दरभंगा एयरपोर्ट के निर्माणाधीन नए टर्मिनल भवन के कार्य की प्रगति का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी कौशल कुमार. उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता और समय-सीमा का ध्यान रखने के सख्त निर्देश दिए हैं. यात्रियों को जल्द मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं.

Darbhanga News: दरभंगा एयरपोर्ट के निर्माणाधीन नए टर्मिनल भवन का कार्य निर्धारित समय पर पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है. रविवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.

गुणवत्ता और समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान

निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माणाधीन टर्मिनल भवन के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया और कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने कार्यकारी एजेंसी को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए.

उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को जल्द आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए टर्मिनल भवन का लाभ मिल सके.

अस्थायी पहुंच पथ के निर्माण में भी तेजी लाने का निर्देश

डीएम ने एयरपोर्ट टर्मिनल भवन के लिए प्रस्तावित अस्थायी पहुंच पथ (एक्सेस रोड) के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि टर्मिनल भवन के सुचारु संचालन के लिए बेहतर संपर्क मार्ग अत्यंत आवश्यक है.

उन्होंने सभी विभागों को इससे जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट निदेशक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार आर्य सहित संबंधित विभागों के अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद थे.

अधिकारियों ने डीएम को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया. जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास से टर्मिनल भवन और उससे जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का निर्माण निर्धारित समय के भीतर पूरा हो जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार मिश्रा

अजय कुमार मिश्रा पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. स्वास्थ्य, एयरपोर्ट, परिवहन, सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर गंभीर और तथ्यपूर्ण रिपोर्टिंग इनकी पहचान है. आम जनजीवन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाना इनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >