Teacher Salary Order: बिहार के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर है. शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीइओ) को कड़ा निर्देश जारी करते हुए शिक्षकों के नियमित मासिक वेतन और पुराने बकाया वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा है. विभाग ने साफ किया है कि शिक्षकों के वेतन भुगतान में लगातार हो रहे विलंब की शिकायतें सरकार के पास पहुंच रही हैं, जो कि बेहद चिंताजनक है. विभाग द्वारा समय पर बजट और राशि आवंटित किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है.
5 तारीख तक मासिक और 15 तक बकाया वेतन भुगतान का अल्टीमेटम
सचिव-सह-निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) दिनेश कुमार द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में स्पष्ट किया गया है कि लंबित मामलों की जिला स्तर पर नियमित निगरानी नहीं की जा रही है. इसी वजह से शिक्षकों को समय पर उनका हक नहीं मिल पा रहा है. इससे शिक्षकों में मानसिक तनाव और असंतोष बढ़ रहा है, जिसका सीधा और प्रतिकूल प्रभाव शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ सकता है. विभाग ने अब नई समय-सीमा तय करते हुए आदेश दिया है कि प्रत्येक माह की 5 तारीख तक नियमित मासिक वेतन तथा 15 तारीख तक सभी प्रकार के बकाया वेतन का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए.
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर गिरेगी गाज, डीइओ भी होंगे जिम्मेदार
शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को लंबित मामलों की साप्ताहिक समीक्षा करने का निर्देश दिया है. समीक्षा के दौरान यदि किसी अधिकारी या कर्मी की ओर से अनावश्यक देरी पाई जाती है, तो उनके विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही विभाग ने अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में शिक्षकों के वेतन भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या रोक की शिकायत मिलने पर संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) को मुख्य रूप से जवाबदेह माना जाएगा और उनके खिलाफ भी सख्त प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
ये भी पढ़ें: भूमि सर्वे के दौरान खूनी संघर्ष, रिश्तेदारों पर जानलेवा हमला और सोने की चेन छीनने का आरोप
