भूजल स्तर नीचे जाने से चापाकलों ने छोड़ा साथ, नल-जल योजना भी ठप, पेयजल के लिए बढ़ी परेशानी

दरभंगा के बेनीपुर प्रखंड में सावन-भादो में बारिश की कमी से जल संकट गहरा गया है. भूजलस्तर 18-20 फीट नीचे चला गया है, जिससे सामान्य चापाकल जवाब दे रहे हैं. सात निश्चय योजना के तहत लगे नल-जल भी बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

दरभंगा: सावन-भादो माह में पर्याप्त बारिश नहीं होने और भूगर्भीय जलस्तर नीचे खिसकने के कारण बेनीपुर प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में जल संकट गहराने लगा है. अधिकांश सामान्य चापाकल कम पानी दे रहे हैं, जबकि सात निश्चय योजना के तहत लगाए गये नल-जल भी बंद पड़े हैं. इससे लोगों को पेयजल के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है.

सबसे अधिक परेशानी 14 वार्ड वाली देवराम अमेठी पंचायत के लोगों को हो रही है. पंचायत के सभी वार्डों में नल-जल के टावर तो खड़े हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है.

14 में 11 वार्डों में नल-जल बंद

मुखिया महजबी मोतीहारा ने बताया कि पंचायत के सभी नल-जल को पीएचइडी के अधीन कर दिया गया है. पीएचइडी द्वारा मरम्मत नहीं किये जाने के कारण 14 में से 11 वार्डों में नल-जल विभिन्न तकनीकी दोषों के कारण बंद पड़ा है.

उन्होंने बताया कि केवल वार्ड संख्या 02, 05 और 13 में ही कभी-कभी पानी की आपूर्ति हो रही है. बाकी 11 वार्डों के लोगों को नल-जल योजना का लाभ नहीं मिल रहा है. मुखिया के अनुसार, इसकी शिकायत सहयोग शिविर में डीएम से भी की गयी, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई है.

18 से 20 फीट नीचे चला गया पानी का लेयर

पीएचइडी के सहायक अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि बारिश नहीं होने के कारण भूजल स्तर करीब 18 से 20 फीट नीचे चला गया है. इस वजह से सामान्य चापाकल कम पानी देने लगे हैं.

उन्होंने बताया कि अधिकांश नल-जल की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण आपूर्ति बंद है. विभाग की ओर से फिलहाल केवल रख-रखाव के लिए राशि उपलब्ध है. पाइपलाइन बदलने के लिए राशि नहीं है.

सहायक अभियंता ने बताया कि पाइपलाइन की मरम्मत के लिए विभाग को लिखा गया है. राशि उपलब्ध होने के बाद ही बंद पड़े नल-जल को दोबारा चालू किया जा सकेगा.

यह भी पढ़ें

सन ऑफ ब्राह्मण संगठन की बैठक में 14 एजेंडों पर चर्चा, हर पंचायत में बैठक आयोजित करने का निर्णय

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुबोध नारायण पाठक

सुबोध नारायण पाठक पिछले 20 सालों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ये सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझते हैं और डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स व नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >