बिरौल में बिजली संकट से लोग बेहाल, 24 घंटे में सिर्फ 8-10 घंटे मिल रही सप्लाई

Darbhanga Power Cut: बिरौल प्रखंड में भीषण गर्मी के बीच बिजली की लचर आपूर्ति से लोग परेशान हैं. 24 घंटे में केवल 8-10 घंटे बिजली मिल रही है. लगातार ट्रिपिंग से पढ़ाई, व्यापार और खेती प्रभावित हो रही है. विभाग ने ओवरलोड और लोकल फॉल्ट को कारण बताते हुए जल्द व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिया.

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga Power Cut: बिरौल प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. भीषण गर्मी और उमस के बीच दिन-रात बिजली की आंख-मिचौली जारी है. उपभोक्ताओं का आरोप है कि 24 घंटे में मुश्किल से 8 से 10 घंटे ही बिजली मिल रही है, वह भी रुक-रुक कर. लगातार ट्रिपिंग के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली कभी एक घंटे आती है तो दो घंटे गायब हो जाती है. रात में भी यही स्थिति बनी रहती है. बिजली कटते ही इन्वर्टर जवाब दे जाते हैं और लोगों को पूरी रात गर्मी में जागकर बितानी पड़ती है. पंखे और कूलर बंद रहने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की परेशानी बढ़ गई है.

पढ़ाई और कारोबार पर पड़ा असर

लगातार बिजली कटौती से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. मोबाइल चार्ज नहीं होने से ऑनलाइन पढ़ाई में भी बाधा आ रही है. वहीं व्यवसायी बिनोद चौधरी और प्रदीप प्रधान ने बताया कि बिजली नहीं रहने से आटा चक्की, वेल्डिंग, साइबर कैफे और अन्य छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं. जेनरेटर चलाने के कारण अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है.

किसानों की चिंता बढ़ी

किसानों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से बोरिंग नहीं चल पा रही है. इससे धान का बिचड़ा सूखने लगा है. उपभोक्ता संजय कुमार, रामविलास महतो और अनीता देवी ने आरोप लगाया कि विभाग में शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है.

विभाग ने ओवरलोड और ट्रिपिंग को बताया वजह

बिजली एसडीओ प्रभाष चन्द्र ने बताया कि ओवरलोड और लोकल फॉल्ट के कारण बार-बार ट्रिपिंग की समस्या हो रही है. सभी फीडरों पर लोड बढ़ गया है और मेंटेनेंस कार्य भी चल रहा है. उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा उपभोक्ताओं से संयम बरतने की अपील की है.

स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि बार-बार हो रही ट्रिपिंग और लचर बिजली आपूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >