Darbhanga News: तारडीह के लालपुर गांव में चोरों का तांडव, वकील के घर से लाखों के जेवरात चोरी

Darbhanga News: दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में चोरों ने वकील समेत कई घरों को निशाना बनाया. वकील के घर से 4 लाख के जेवरात और नकदी की चोरी हुई है. पुलिस मामले की जांच और चोरों की तलाश में जुटी है. पढे़ं पूरी खबर…

दरभंगा से विनोद कुमार की रिपोर्ट

Darbhanga News: दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उजान पंचायत के लालपुर गांव में बुधवार की रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया. चोरों ने वकील मदन कुमार लाल के घर के पिछले दरवाजे से प्रवेश कर आलमारी तोड़ दी और उसमें रखे लगभग चार लाख रुपये से अधिक के कीमती जेवरात उड़ा लिए. चोरों ने वकील का चमड़े का बैग भी चुरा लिया, जिसमें 2200 रुपये नकद थे, जबकि जरूरी कागजात इधर-उधर फेंक दिए. यहाँ तक कि वकील की पत्नी की कीमती साड़ियां भी चोर समेट ले गए.

दहशत में ग्रामीण, भाजपा नेता के घर भी कोशिश

लालपुर जैसे घने बस्ती वाले गांव में चोरों ने केवल वकील ही नहीं, बल्कि अन्य घरों को भी निशाना बनाया. उसी टोले के दयानंद लाल के घर से मोबाइल और अनाज की चोरी की गई. इसके अलावा चोरों ने भाजपा नेता नरेश लाल और सेवानिवृत्त एचएम तरुण कुमार लाल के घरों में भी सेंधमारी की कोशिश की, लेकिन वहां वे सफल नहीं हो सके. एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

पीड़ित परिवारों ने घटना की सूचना तुरंत सकतपुर थाना को दी. सूचना मिलने पर 112 नंबर की पुलिस टीम ने रात में ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. अब पीड़ित परिवारों की ओर से थाने में लिखित आवेदन दिया जा रहा है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गांव में गश्ती बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >