दरभंगा के बेनीपुर से सुबोध नारायण पाठक की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अधलोआम गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. यहाँ एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और टेंपो के बीच हुई सीधी टक्कर में एक किशोर और एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. इस भीषण टक्कर के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
मृतकों की हुई पहचान
हादसे का शिकार हुए दोनों लोग अलीनगर थाना क्षेत्र के गरोल गांव के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान 52 वर्षीय श्याम महतो (पिता मिश्रीलाल महतो) और 15 वर्षीय राजन कुमार (पिता इंद्रकांत महतो) के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, श्याम महतो टेंपो चालक थे और भाड़े का सामान पहुंचाने जा रहे थे. उनके साथ किशोर राजन कुमार भी टेंपो पर सवार था.
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रही अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने टेंपो में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच (DMCH) भेज दिया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
