दरभंगा के सिंहवाड़ा से अजय यादव की रिपोर्ट
Darbhanga News: सिंहवाड़ा-सिमरी थाना क्षेत्र के सिमरी निवासी योगी महतो की शिकायत पर उनके पुत्र त्रिलोक कुमार की हत्या की कोशिश के आरोप में चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पत्नी, प्रेमी समेत चार लोगों पर गंभीर आरोप
शिकायतकर्ता ने मब्बी थाना क्षेत्र के रसलपुर निवासी राकेश कुमार, बाजपट्टी थाना क्षेत्र के पिपराढ़ी निवासी सोनी कुमारी, राजू कुमार तथा सुरसंड थाना क्षेत्र के सुरगढ़ियां निवासी सुभाष कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से सोनी कुमारी अपने मौसेरे जीजा राकेश कुमार के संपर्क में थी और पति के साथ रहने से इंकार कर रही थी.
हाथ-पैर बांधकर हत्या की कोशिश का आरोप, पुलिस कर रही जांच
आवेदन के अनुसार 24 मई 2026 को सोनी कुमारी दो युवकों के साथ घर पहुंची और त्रिलोक कुमार के हाथ-पैर बांधकर जान से मारने का प्रयास किया. शोर सुनकर पहुंची गर्भवती भाभी कंचन देवी के साथ भी मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता का कहना है कि पूरी घटना पूर्व नियोजित थी तथा आरोपियों को मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराई गई थी. सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची. शिकायतकर्ता ने घर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर कार्रवाई की मांग की है. सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई शशिशंकर कुमार को सौंपी गई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
