Darbhanga News: करंट लगने से 30 वर्षीय मजदूर की मौत, पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Darbhanga News: बिरौल के कमलाबारी गांव में बल्ब बदलने के दौरान करंट लगने से 30 वर्षीय मजदूर महाजन साहु की मौत हो गई. परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य होने के कारण उसकी मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है. जानिए खबर विस्तार से...

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga News: बिरौल थाना क्षेत्र के कमलाबारी गांव में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय मजदूर महाजन साहु की करंट लगने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बल्ब बदलते समय हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे महाजन साहु अपने घर में बल्ब बदल रहा था. इसी दौरान वह अचानक नंगे बिजली तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया. परिजन उसे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

महाजन साहु मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. वह परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसकी मौत के बाद पत्नी झुनिया देवी बदहवास है. मृतक अपने पीछे तीन बेटियों और दो बेटों समेत पांच बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है. एक बेटी की शादी हो चुकी है.

पोस्टमार्टम से परिजनों ने किया इनकार

थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया.

मुआवजे की उठी मांग

प्रखंड प्रमुख व ग्रामीण मुखी देवी ने कहा कि मृतक का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है. पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है. उन्होंने प्रशासन से आपदा राहत कोष से तत्काल मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए प्रशासन से पहल करने की अपील की.

Also Read: पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी, जानिए स्टेटस चेक करने से लेकर रजिस्ट्रेशन तक की पूरी प्रक्रिया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >