दरभंगा: डॉक्टर और तकनीशियन की कमी से जूझ रहा जाले सीएचसी, स्वास्थ्य मंत्री को पत्र

Darbhanga News: जाले सीएचसी में डॉक्टरों और तकनीकी कर्मियों की कमी को लेकर जदयू नेता वली इमाम बेग ने स्वास्थ्य मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया है. रिक्त पदों को भरने, जांच सुविधाएं बढ़ाने और अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की मांग की गई है. पढे़ं पूरी खबर…

दरभंगा के जाले से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट

Darbhanga News: जाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और तकनीकी कर्मियों की कमी का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है. अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों को हो रही परेशानियों को देखते हुए जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य वली इमाम बेग “चमचम” ने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष यह मामला उठाया है. उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है.

स्वास्थ्य मंत्री को भेजा गया मांग पत्र

वली इमाम बेग ने स्वास्थ्य मंत्री को भेजे गए पत्र में कहा है कि जाले सीएचसी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन डॉक्टरों की कमी के कारण लोगों को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. उन्होंने अस्पताल में एमबीबीएस डॉक्टरों, आयुष चिकित्सकों और महिला डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता बताई है.

तकनीकी स्टाफ की कमी बनी बड़ी समस्या

पत्र में कहा गया है कि अस्पताल में ईसीजी, अल्ट्रासाउंड और लैब तकनीशियनों के कई पद खाली हैं. इसकी वजह से मरीजों को जरूरी जांच के लिए बाहर जाना पड़ता है. उन्होंने मांग की है कि इन रिक्त पदों को जल्द भरकर जांच सुविधाओं को सुचारु बनाया जाए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके.

सुविधाएं बढ़ाने और जांच कराने की मांग

जदयू नेता ने अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की है. साथ ही आधुनिक चिकित्सा उपकरण, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता और मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया है. उनका कहना है कि जाले क्षेत्र की बड़ी आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है, इसलिए यहां संसाधनों और मानव बल की कमी को जल्द दूर किया जाना चाहिए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >