Darbhanga News: दरभंगा पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो पुराने वाहन नंबरों को मॉडिफाई कर और उन्हें बदलकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था. पकड़ा गया आरोपी हायाघाट थाना क्षेत्र निवासी मो मजरुम हसन का पुत्र मो गुलाब उर्फ मो उबैदुल रहमान है. पुलिस की यह कार्रवाई सोनकी थाना क्षेत्र में हुई एक दुखद सड़क दुर्घटना की जांच के बाद सामने आई है.
बच्चे की मौत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
करीब तीन दिन पूर्व सोनकी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई थी. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया था. पुलिस ने जब मामले की तफ्तीश शुरू की और दुर्घटना में शामिल वाहन की ट्रेसिंग की, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए वाहन के नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की थी.
कबाड़ी की दुकान से वाहन बरामद
एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर लहेरियासराय स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर छापेमारी की. पुलिस ने वहां से दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को बरामद कर लिया. आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए वाहन को कबाड़ी में खपाने की कोशिश की थी. पुलिस के अनुसार, मो गुलाब उर्फ उबैदुल रहमान पुराने नंबरों का इस्तेमाल कर पुलिस की नजरों से बचने का प्रयास करता था. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या इस वाहन का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक घटना में भी किया गया है.
दरभंगा सदर से अशोक झा की रिपोर्ट
