दरभंगा कुशेश्वरस्थान पूर्वी से संतोष पोद्दार की रिपोर्ट ।
Darbhanga News: दरभंगा के तिलकेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत महिसोट गांव में तीन बच्चों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब हत्या के आरोप तक पहुंच गया है.इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति और ससुर समेत ससुराल पक्ष के नौ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.पुलिस ने एक आरोपी (ससुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
जलती चिता बुझाकर पुलिस ने कब्जे में लिया था शव
जानकारी के अनुसार, मृतका अंजलि देवी (30 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी.घटना के बाद ससुराल पक्ष द्वारा मायके वालों को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार करने का गुपचुप प्रयास किया जा रहा था.इसी दौरान मायके पक्ष से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस तुरंत श्मशान घाट पहुंची और जलती चिता को बुझाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया.इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
पति के अवैध संबंध का विरोध करने पर हत्या का आरोप
मृतका के पिता सिकंदर चौपाल द्वारा तिलकेश्वर थाना में दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.दर्ज मामले में पति नंदन चौपाल और ससुर शंभू चौपाल सहित ससुराल पक्ष के नौ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है.आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अंजलि देवी अपने पति के किसी अन्य महिला के साथ कथित अवैध संबंध का विरोध करती थी.इसी बात को लेकर पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग उससे अक्सर नाराज रहते थे और इसी विवाद के कारण सभी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी व साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया.
ससुर गिरफ्तार, अन्य आरोपियों के लिए छापेमारी जारी
पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार हुआ.तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केशरी नंदन कुमार राम ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर शंभू चौपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है.उन्होंने कहा कि मामले के अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.
