दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जिले अंतर्गत बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में ऑटो और बस चालकों से रंगदारी व अवैध वसूली करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ है. सुपौल बाजार, डुमरीमोड़ और कोठीपुल में टेम्पू स्टैंड के नाम पर जबरन वसूली के मामले में बिरौल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रैकेट में शामिल चार गुर्गों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि सिंडिकेट के मुख्य सरगना समेत तीन अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
5 रुपये के कूपन पर ’30’ लिखकर होती थी अवैध वसूली
यह पूरा मामला तब सामने आया जब पोखराम निवासी ऑटो चालक जितेंद्र चौधरी ने थाने में आवेदन देकर रंगदारी और मारपीट की शिकायत की. आवेदन के अनुसार, आरोपी पिछले कई वर्षों से सुपौल बाजार और 17 नंबर कोठीपुल पर प्रत्येक ऑटो चालक से जबरन 30 रुपये की वसूली कर रहे थे. विरोध करने पर चालकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी. 8 जून 2026 को दोपहर करीब 1:35 बजे जब चालकों ने पैसे देने से मना किया, तो उनके साथ मारपीट की गई. वसूली का तरीका यह था कि आरोपी 5 रुपये के कूपन के पीछे कलम से 30 लिखकर गोल घेरा बना देते थे और चालकों को थमा देते थे.
बड़े प्रशासनिक अधिकारियों ने मारा छापा
अवैध वसूली की सूचना मिलते ही एसडीओ शशांक राज, एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, सीओ आदित्य शंकर और थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर छापेमारी की. पुलिस ने संतोष कमती, विशुनदेव कुंवर, रामचंद्र सहनी और सिकिंदर मुखिया को रंगेहाथ अवैध वसूली करते हुए गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि इस पूरे सिंडिकेट का सरगना बहेड़ा थाना क्षेत्र के सज्जनपुरा निवासी कुंदन कुमार सिंह है, जिसके पास वसूली की सारी रकम जमा की जाती थी.
गरीब चालकों का शोषण बर्दाश्त नहीं: एसडीओ
आवेदन में भगत सिंह चौक पर अलग-अलग रूटों की गाड़ियों और राज्य पथ परिवहन की बसों से भी 30 से 50 रुपये की अवैध वसूली करने वाले दिलीप सहनी, मो. बादशाह और भोला मंडल को भी नामजद किया गया है. एसडीओ शशांक राज ने कहा कि गरीब चालकों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त किया जाएगा.थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि केस दर्ज कर चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और सरगना कुंदन सिंह समेत अन्य की गिरफ्तारी जल्द होगी.
