Darbhanga News: बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र की सूरत बिगड़ने लगी है. अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सफाई कर्मियों के एक बार फिर हड़ताल पर चले जाने से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. गत 8 मई से जारी इस हड़ताल के कारण सड़कों पर झाड़ू नहीं लग रही है, जिससे मुख्य बाजारों से लेकर रिहायशी वार्डों तक में कचरे का अंबार लग गया है.
प्रशासन की अनदेखी से बढ़ा आक्रोश
हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर नगर प्रशासन से गुहार लगा रहे थे. बार-बार धरना-प्रदर्शन और ध्यानाकर्षण के बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई. कर्मियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी और वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे.
महामारी का सता रहा डर
गर्मी के मौसम में जगह-जगह सड़ रहे कचरे के कारण अब शहरवासियों को बीमारी फैलने का डर सताने लगा है. इस बीच, मुख्य पार्षद मो. अकबाल ने बताया कि सफाई कर्मियों के साथ वार्ता का दौर जारी है. उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही बीच का रास्ता निकाल लिया जाएगा और सफाई कर्मी अपने काम पर लौट आएंगे. हालांकि, अभी तक धरातल पर कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है.
दरभंगा के बेनीपुर से सुबोध पाठक की रिपोर्ट
