Darbhanga News:दरभंगा जिला के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के मेंठा गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने मेंठा गांव स्थित एक मकई के खेत में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है. इसके साथ ही मौके से एक अंतरजिला शराब तस्कर को भी रंगे हाथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.
मकई के खेत में छिपाकर रखी गई थी शराब की बड़ी खेप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्करों द्वारा मकई के खेत का फायदा उठाकर शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है. इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जब मेंठा गांव के मकई खेत में घेराबंदी कर छापेमारी की, तो वहां से कुल 1440 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके से शराब को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है.
समस्तीपुर का तस्कर गिरफ्तार
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि मौके से गिरफ्तार तस्कर की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के महुआ गांव निवासी अर्जुन राय के रूप में की गई है.थानाध्यक्ष ने कहा कि जब्त शराब के इस मामले में पुलिस गहन जांच में जुटी है. इस धंधे से जुड़े कुछ और स्थानीय व बाहरी शराब तस्करों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
दरभंगा कुशेश्वरस्थान से सुधीर कुमार चौधरी की रिपोर्ट
