दरभंगा में फर्जी आधार कार्ड गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

दरभंगा में साइबर पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है. बहेड़ी बाजार के एक स्टूडियो में छापेमारी के दौरान कई उपकरण और संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए. जानें कैसे पुलिस ने इस अवैध नेटवर्क का खुलासा किया...

दरभंगा: दरभंगा साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. मौके से भारी मात्रा में उपकरण और संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं.

कमल स्टूडियो में चल रहा था अवैध कारोबार

साइबर एसडीपीओ सह थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बहेड़ी बाजार स्थित “कमल स्टूडियो” में अवैध तरीके से सरकारी दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ कर फर्जी आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं.

सूचना मिलते ही साइबर थाना पुलिस की टीम ने स्टूडियो में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान वहां आधुनिक उपकरणों की मदद से जाली दस्तावेज तैयार किए जाते मिले.

भारी मात्रा में उपकरण जब्त

पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. साथ ही कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर और फर्जी पहचान पत्र बनाने से जुड़ी कई संदिग्ध सामग्रियां जब्त की गई हैं.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह भोले-भाले लोगों से मोटी रकम लेकर फर्जी पहचान पत्र उपलब्ध कराता था.

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

एसडीपीओ विपिन बिहारी ने बताया कि पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि इनके तार किन-किन इलाकों से जुड़े हैं और अब तक कितने फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए हैं.

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.

दरभंगा से कुमार रौशन की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >