दरभंगा एयरपोर्ट फ्लाईब्रेरी: हवाई यात्रियों में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दरभंगा एयरपोर्ट पर फ्लाईब्रेरी की शुरुआत की गयी है. रोटरी क्लब विद्यापति ने सरकार के इस कार्यक्रम में सहयोग करते हुए एयरपोर्ट परिसर में यह पहल शुरू की है. इसके लिए रोटरी क्लब विद्यापति और दरभंगा एयरपोर्ट प्राधिकरण के बीच समझौते पर हस्ताक्षर भी किया गया है.
नियमित रूप से उपलब्ध करायी जाएंगी किताबें
समझौते के तहत रोटरी क्लब विद्यापति की ओर से नियमित अंतराल पर फ्लाईब्रेरी के लिए पुस्तकें उपलब्ध करायी जाएंगी. इसका उद्देश्य यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार के दौरान किताबें पढ़ने का अवसर देना है.
फ्लाईब्रेरी की पहल केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू की पहल के तहत शुरू की गयी है. रोटरी क्लब ने इसे स्थायी रूप से संचालित करने के लिए एयरपोर्ट प्राधिकरण के साथ समझौता किया है.
एयरपोर्ट निदेशक ने कहा- पुस्तक दान भी शिक्षा दान
फ्लाईब्रेरी की शुरुआत के मौके पर एयरपोर्ट निदेशक डॉ. दिलीप कुमार झा ने कहा कि पुस्तक दान भी शिक्षा दान है. उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में इस तरह की पहल लोगों को किताबों से जोड़ने में मदद कर सकती है.
उनके अनुसार, एयरपोर्ट जैसे स्थान पर यात्रियों को खाली समय में पढ़ने का अवसर मिलने से पठन-पाठन की आदत को बढ़ावा मिल सकता है.
इंतजार का समय होगा सार्थक
रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष और शिक्षाविद डॉ. शिव किशोर रॉय ने कहा कि पहल का उद्देश्य एयरपोर्ट पर यात्रियों के इंतजार के समय को सार्थक बनाना है. उनके अनुसार, एक अच्छी किताब यात्रा के अनुभव को और यादगार बना सकती है.
उन्होंने कहा कि फ्लाईब्रेरी की यह पहल खासकर युवाओं को किताबों से जोड़ने में उपयोगी हो सकती है.
साक्षरता अभियान का हिस्सा है फ्लाईब्रेरी
रोटरी क्लब विद्यापति के अध्यक्ष आशीष सिंह ने कहा कि फ्लाईब्रेरी क्लब के साक्षरता अभियान का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि क्लब आगे भी इसी तरह के सामाजिक कार्यों को जारी रखने का प्रयास करेगा.
कार्यक्रम में क्लब के कोषाध्यक्ष और डीएमसीएच ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. संजीव कुमार के अलावा एयरपोर्ट के अधिकारी बिरजू और सूरज चंद भी मौजूद रहे.
यह भी पढे़ं:
जितिया पर्व: मिथिलांचल में मछली-मरुआ खाने की अनोखी परंपरा, जानिए 'ओठगन' के बारे में...
