Darbhanga News: डीएमसीएच में दोपहर 12 बजे तक ठप रहा साफ-सफाई का काम

Darbhanga News:सफाई कर्मचारियों के बीच आपसी विवाद के कारण समय पर सफाई कार्य नहीं हुआ.

Darbhanga News: दरभंगा. डीएमसीएच में गुरुवार दोपहर 12 बजे तक सफाई का काम ठप रहा. सफाई कर्मचारियों के बीच आपसी विवाद के कारण समय पर सफाई कार्य नहीं हुआ. इस कारण अस्पताल परिसर समेत विभागों में गंदगी पसरी रही. मरीजों, परिजनों के साथ-साथ चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. जानकारी के अनुसार सफाई कार्य से जुड़े सुपरवाइजर और जीविका कर्मियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि सुपरवाइजर ने एक सफाई कर्मी के साथ मारपीट कर दी. घटना से आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया. इसके कारण पूरे अस्पताल की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई.

इमरजेंसी, ओपीडी व वार्ड में पसरा रहा मेडिकल वेस्ट

कर्मियों की हड़ताल के कारण इमरजेंसी, ओपीडी, वार्डों और आसपास के परिसर में कचरा पसरा रहा. सुबह ओपीडी खुलने के साथ ही मरीजों की संख्या बढ़ती गई, लेकिन सफाई नहीं होने के कारण दुर्गंध और अव्यवस्था का माहौल बना रहा. मामले को लेकर पीड़ित सफाई कर्मी ने डीएमसीएच अधीक्षक से लिखित शिकायत की. सुपरवाइजर पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया. कार्रवाई की मांग की गई.

अस्पताल प्रशासन ने दोबारा कार्य कराया प्रारंभ

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने हस्तक्षेप किया. दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया गया. प्रशासन के हस्तक्षेप से दोपहर 12 बजे के बाद सफाई कर्मियों ने दोबारा काम शुरू किया. अस्पताल परिसर की सफाई कराई गई. अस्पताल प्रशासन के अनुसार मामले की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी. भविष्य में इस तरह की स्थिति नहीं बने, इसके लिए जीविका और संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं.

कहते हैं अधीक्षक

जीविका के कुछ कर्मियों के बीच विवाद हो गया था. इसे लेकर गुरुवार को सफाई कार्य बाधित रहा. इसे लेकर एक कर्मी द्वारा लिखित शिकायत की गयी है. मामले की जांच की जायेगी. दोपहर 12 बजे के बाद स्थिति सामान्य हो गयी.

डॉ सुरेंद्र कुमार, उपाधीक्षक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >