Darbhanga Airport News: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू सितंबर में दरभंगा एयरपोर्ट का दौरा करेंगे. इस दौरान वे निर्माणाधीन नए टर्मिनल भवन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे. साथ ही एयरपोर्ट पर उड़ान कैफे का उद्घाटन करेंगे.
यह जानकारी शुक्रवार को मैसूर में आयोजित नागरिक उड्डयन मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक में भाग लेने के बाद समिति के सदस्य सह दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन सांसद गोपालजी ठाकुर ने दी.
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए तैयारियां शुरू करने का सुझाव
सांसद ने बताया कि बैठक में दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक तैयारियां शीघ्र शुरू करने का सुझाव दिया गया. इसके तहत टर्मिनल विस्तार, रनवे, एप्रोच सुविधाओं, कस्टम्स-इमिग्रेशन तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने की मांग रखी गयी.
उन्होंने मैथिली में बोर्ड-साइनेज, नई हवाई सेवाएं एवं रूट, नाइट ऑपरेशन, एयर कार्गो एवं लॉजिस्टिक्स हब तथा पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देने से जुड़े मुद्दे भी उठाये.
मिथिलाक्षर में नाम और विद्यापति के नाम पर नामकरण की मांग
गोपालजी ठाकुर ने एयरपोर्ट के प्रवेश द्वार पर मिथिलाक्षर में नाम अंकित करने तथा बाबा विद्यापति के नाम पर एयरपोर्ट का नामकरण करने की मांग रखी.
उन्होंने सीआइएसएफ के लिए भूमि अधिग्रहण तथा रैयतों को मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का भी सुझाव दिया.
नाइट लैंडिंग सेवा शुरू होने की उम्मीद
सांसद ने कहा कि नाइट लैंडिंग की सभी तैयारियां पूरी हैं और विमान कंपनियों से शेड्यूल मिलते ही सेवा शुरू हो जायेगी.
यह भी पढ़ें
Darbhanga News: मखाना उत्पादन बढ़ाने के लिए मध्य प्रदेश के किसानों को दी गयी वैज्ञानिक जानकारी
