दरभंगा: बिरौल के हाटी में संचालित मीशो डिलीवरी सेंटर के कार्यालय में घुसकर अज्ञात चोर ने करीब 1.42 लाख रुपये नकद चोरी कर लिये. चोरी की पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गयी है. इस संबंध में मोरवारा निवासी ललित कुमार ने बिरौल थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और चोरी गयी राशि बरामद कराने की गुहार लगायी है.
ग्रिल के रास्ते कार्यालय में घुसा अज्ञात युवक
आवेदन के अनुसार, ललित कुमार हाटी में मीशो डिलीवरी सेंटर संचालित करते हैं. 27 अगस्त को वह कार्यालय में सो रहे थे. इसी दौरान एक अज्ञात युवक कार्यालय के ग्रिल के रास्ते अंदर प्रवेश कर गया.
आरोप है कि युवक ने अलग-अलग जगहों पर रखी नकदी निकाल ली और इसके बाद फरार हो गया. एक डिलीवरी सेंटर में करीब 80 हजार रुपये और दूसरे कमरे में करीब 62 हजार रुपये रखे हुए थे. इस तरह कुल करीब 1 लाख 42 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात आवेदन में कही गयी है.
तीन लोगों पर चोरी में संलिप्तता का संदेह
ललित कुमार ने आवेदन में तीन लोगों पर चोरी की घटना में संलिप्त होने का संदेह जताया है. इनमें आशीष कुमार महता, राजा महतो और विपिन कुमार साहू के नाम शामिल हैं.
पीड़ित का कहना है कि इन लोगों की ओर से उन्हें पहले भी धमकी दी जा रही थी. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
CCTV फुटेज से होगी संदिग्ध की पहचान
बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि चोरी के संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच करायी जा रही है. इसके बाद प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. उन्होंने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर चोरी करने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें
लनामिवि पीजी सेकेंड सेमेस्टर का रिजल्ट जारी, वाणिज्य में 95% और कला में 94% छात्र सफल
