दरभंगा में कार्गो लॉजिस्टिक्स हब और एयरोसिटी का निर्माण 3 फेज में, जानिए क्या-क्या होगा फायदा

Bihar News: मिथिलांचल को कई तोहफे केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकार की ओर से दिए जा रहे हैं. ऐसे में अब दरभंगा में कार्गो-लॉजिस्टिक्स हब और एयरोसिटी बनाया जाएगा. इसके लिए जमीन अधिग्रहण की मंजूरी भी मिल गई है. इस परियोजना के पूरा होने से कई फायदे लोगों को हो सकेंगे.

Bihar News: बिहार के दरभंगा जिले में कार्गो-लॉजिस्टिक्स हब और एयरोसिटी का निर्माण कराया जाएगा. जल्द ही मिथिलांचल का इलाका ग्लोबल ट्रेड सेंटर के रूप में जाना जाने वाला है. जानकारी के मुताबिक, बिहार सरकार की यह बेहद खास परियोजना है. इसके लिए करीब 50.04 एकड़ जमीन अधिग्रहण किया जाएगा. जिसके लिए लगभग 138.82 करोड़ रुपए की मंजूरी भी मिल गई है.

क्यों खास है ये परियोजना?

इस पूरे परियोजना की बात करें तो, कार्गो-लॉजिस्टिक्स हब को दरभंगा एयरपोर्ट के पास ही बनाया जाएगा. यहां आमस-दरभंगा सिक्स लेन रोड भी खत्म होता है. इस तरह से यह जगह बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि एनएच, हवाई पट्टी और स्थानीय रास्तों को एकसाथ कनेक्ट करता है.

कौन-कौन से 3 भागों में बंटी परियोजना?

जानकारी के मुताबिक, इस परियोजना को 3 भागों में बांटा गया है. पहला मॉडर्न कार्गो टर्मिनल, दूसरा लॉजिस्टिक्स पार्क और तीसरा एयरोसिटी है. कार्गो टर्मिनल के जरिए मिथिला की मछली, फेमस मखाना, मिथिला पेंटिंग के साथ-साथ मौसमी फल को भी ग्लोबल मार्केट तक भेजा जा सकेगा. जबकि लॉजिस्टिक्स पार्क के बनने से यहां कोल्ड-चेन स्टोरेज और प्रोसेसिंग सेंटर होंगे. इससे प्रोडक्ट बर्बाद होने से बचाए जायेंगे.

इसके अलावा एयरोसिटी के तैयार होने से फ्लाइट से सफर करने वालों के लिए शॉपिंग मॉल, कन्वेंशन सेंटर और होटल समेत कई सुविधाओं को भी बहाल किया जाएगा. इस तरह से इस परियोजना के तीन फेज में पूरा होने से दरभंगा में पर्यटन को बढ़ावा, बिजनेस सेंटर और इकोनॉमी को स्ट्रॉन्ग भी किया जा सकेगा.

उचित मुआवजा देने का भरोसा

जानकारी के मुताबिक, कार्गो-लॉजिस्टिक्स हब और एयरोसिटी के निर्माण के लिए पहले तो जमीन अधिग्रहण किया जाएगा. इसके लिए जमीन मालिकों को यह भरोसा भी दिया गया है कि उनकी जमीन के लिए उचित मुआवजा दिया जाएगा. इस परियोजना से बिहार से पलायन भी रूक सकेगा. युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिल सकेगा.

Also Read: 10 अप्रैल को सीएम नीतीश लेंगे राज्यसभा की शपथ, नई सरकार के लिए होंगी ताबड़तोड़ बैठकें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >