दरभंगा: युवक की हत्या कर झाड़ी में फेंका शव, गिरफ्तारी की मांग पर ग्रामीणों ने घंटों सड़क जाम रखा

दरभंगा के बेनीपुर में 30 वर्षीय रोशन यादव की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया गया. सुबह टहलने निकले युवक का शव मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.

दरभंगा: बेनीपुर के बहेड़ा थाना क्षेत्र में बहेड़ा-बहेड़ी पथ पर लवानी पुल के समीप बुधवार को 30 वर्षीय रोशन यादव उर्फ मंगनु यादव का शव झाड़ी में मिलने से सनसनी फैल गयी. शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. इससे घंटों आवागमन बाधित रहा.

लवानी गांव निवासी शत्रुघ्न यादव का पुत्र रोशन यादव उर्फ मंगनु यादव बेनीपुर के एक निजी नर्सिंग होम में काम करता था.

सुबह टहलने निकला था युवक, झाड़ी में मिला शव

स्थानीय लोगों के अनुसार, रोशन यादव बुधवार की सुबह करीब पांच बजे टहलने के लिए घर से निकला था. समय पर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की.

इसी दौरान लवानी पुल के समीप झाड़ी से मोबाइल की घंटी बजने की आवाज सुनायी दी. लोगों ने खोजबीन की तो झाड़ी के बीच युवक का शव मिला. इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.

ग्रामीणों ने बहेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस के नहीं पहुंचने पर एसडीपीओ वासुकीनाथ झा एवं ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी को घटना की जानकारी दी गयी.

गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे ग्रामीण

सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि ग्रामीण हत्यारे की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.

ग्रामीण एसपी के पहुंचने के बाद 72 घंटे में कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उठाने दिया. इससे पहले आक्रोशित लोगों के सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन घंटों बाधित रहा.

स्वान दस्ता और FSL टीम ने की जांच

घटनास्थल पर स्वान दस्ता एवं एफएसएल टीम ने पहुंचकर जांच की. मृतक के सिर के पिछले हिस्से में गहरे घाव के निशान मिले हैं. वहीं नाक, कान और आंख से खून के धब्बे भी मिले हैं.

एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चलेगा.

यह भी पढ़ें

दरभंगा: पंचायत परिसीमन के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण, 10 सितंबर तक ऐप पर दर्ज करनी होगी ईबी की नौ प्रकार की चौहद्दी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुबोध नारायण पाठक

सुबोध नारायण पाठक पिछले 20 सालों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ये सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझते हैं और डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स व नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >