Darbhanga News: नगर निगम कार्यालय परिसर में करीब छह महीने से बंद पड़ा आधार नामांकन केंद्र सोमवार से फिर शुरू हो गया. केंद्र के दोबारा शुरू होने से नए आधार कार्ड बनवाने, नाम-पता सुधार और बायोमेट्रिक अपडेट कराने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है. लंबे समय से सेवा बंद रहने के कारण लोगों को लालबाग प्रधान डाकघर का चक्कर लगाना पड़ रहा था, जिससे वहां भी अतिरिक्त भीड़ हो रही थी.
छह महीने से बंद था आधार केंद्र
नगर निगम परिसर में आधार सेवा बंद होने के कारण नागरिकों को आधार से जुड़े सभी कार्यों के लिए दूसरे केंद्रों पर जाना पड़ रहा था. इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूरदराज के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
अब नगर निगम में ही मिलेंगी सभी सेवाएं
आधार केंद्र के सुपरवाइजर लालमोहन कुमार ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा फिला ग्लोबल्स एजेंसी के साथ एकरारनामा होने के बाद आधार सेवा दोबारा शुरू कर दी गई है. अब नगर निगम कार्यालय में नए आधार नामांकन, नाम-पता संशोधन और बायोमेट्रिक अपडेट सहित सभी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी.
लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
केंद्र शुरू होने से नगर निगम क्षेत्र के हजारों लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दूसरे केंद्रों पर नहीं जाना पड़ेगा. इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा लालबाग प्रधान डाकघर पर बढ़ रही भीड़ भी कम होने की उम्मीद है.
