परिवहन विभाग ने स्कूल प्रबंधन को भेजा पत्र
लेना होगा फिटनेस प्रमाणपत्र
दरभंगा : नौनिहालों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए परिवहन विभाग ने पहलकदमी की है. स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर विद्यालय प्रबंधन को पत्र भेजा है. इसके तहत अब सभी स्कूली गाड़ियों में जीपीएस लगाया जायेगा. परिचालन की दृष्टि से भी गाड़ी पूरी तरह फिट रहेगी. केंद्रीय परिवहन मंत्रालय एवं परिवहन आयुक्त बिहार द्वारा इस संबंध में जिला परिवहन कार्यालय को पत्र भेजा गया है. इसी आलोक में स्थानीय विभाग ने यह निर्देश जारी किया है.
अपराधियों की नजर स्कूली बसों पर रहने तथा आये दिन हो रही दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीकी से वाहन को लैस किया जायेगा. साथ ही बुनियादी जरूरतों को उसमें अनिवार्य किया जायेगा. यहां स्पष्ट कर दें कि जीपीएस लगने के बाद उस वाहन का लोकेशन प्रशासन तुरंत प्राप्त कर लेगा. जिला परिवहन पदाधिकारी विकास कुमार ने इस संबंध में बताया कि स्कूली बसों के साथ ही स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चों को लाने व ले जाने के लिए प्रयुक्त सभी गाड़ियों में इस सिस्टम को लगाने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही चल रही या चलने वाली गाड़ियों की वर्तमान स्थिति की जांच की जायेगी. प्रदूषण व फिटनेस प्रमाण पत्र लिये जायेंगे. हॉर्न तथा आगे-पीछे के सभी आवश्यक लाइट की जांच होगी.
इन सभी जांचों में खड़ा उतरने के बाद ही संबंधित वाहन को अनुमति दी जायेगी. इन गाड़ियों को चलाने वाले चालक के अनुभव की भी विभाग की ओर से जांच होगी. श्री कुमार के मुताबिक इसे लेकर चिट्ठी भेजी जा रही है. कई स्कूलों को भेजी जा चुकी है. अन्य को भी पत्र जारी किया जा रहा है.
