दरभंगा : बिहार में दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड के कमतौल रेलवे स्टेशन और गुमटी संख्या-19बी के बीच रेल लाइन के किनारे सीमावर्ती मधुबनी जिला के बिस्फी थाना क्षेत्र के चहुुंटा निवासी रामनाथ प्रसाद के बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुस गये और लाखों रुपये मूल्य के सामानों पर हाथ साफ कर दिया.
बताया जा रहा है की गृहस्वामी इलाज के सिलसिले में करीब एक माह पहले सीआइएसएफ मुंबई में कार्यरत इंस्पेक्टर पुत्र संजय कुमार के यहां गये हुए हैं. जाते समय पड़ोसियों को बाहर से नजर रखने को कह गये थे. गुरुवार को नौ बजे जब पड़ोसियों ने मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा, तब शोर मचाया.घटनाकीसूचना पर काफी संख्या में लोग मौके पर जुट गये. अंदर प्रवेश करते ही भीषण चोरी होने की बात सामने आयी. इसके बाद दूरभाष पर गृहस्वामी को सूचना दी गयी.
जानकारी के मुताबिक अबतक करीब तीन लाख से ज्यादा के जेवर-जेवरात सहित नकद चोरी जाने की बात सामने आयी है. परिजनों के अनुसार गृहस्वामी के आने पर हकीकत का पता चल सकेगा. संबंधित थाना को दूरभाष पर सूचना और आवेदन भी दिया गया है.
चर्चाहैकि चोर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे. अंदर में एक कमरे का ताला टूटा और दूसरे कमरे का ताला चाबी लगा नीचे रखा मिला है. चोर मुख्य द्वार से प्रवेश कर सबसे पहले पीछे वाले कमरे में गये होंगे. उसका ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान गायब कर दिया गया. अन्य सामान को बिखेर करवहीं छोड़ दिया. वहां मिली चाबी से दूसरे कमरे का ताला खोलकर घुसे होंगे. आलमारी और ब्रिफकेश का ताला तोड़कर उसमें रखे सभी कीमती ले गये. फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की पड़ताल में जुट गयी है.
