प्रधान िशक्षक के खिलाफ की नारेबाजी
सदर : उत्क्रमित मध्य विद्यालय शहवाजपुर (भोलका) में पठन-पाठन में कमी एवं संचालन में भारी अव्यवस्था को लेकर मंगलवार को स्कूली बच्चे व अभिभावकों ने मिलकर हंगामा किया. सुबह 9.25 बजे तक स्कूल में ताला लटका था. बच्चे इधर से उधर भटक रहे थे. प्रदर्शन में शामिल सभी विद्यालय प्रधान के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए स्कूल में व्याप्त अनियमितता की बात कर रहे थे. मौके पर स्कूल शिक्षा समिति के अध्यक्ष सह वार्ड सदस्य मो. आजम ने कहा कि सोमवार को अध्यक्ष के नाते स्कूल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे. विद्यालय में मात्र 130 बच्चे उपस्थित थे, जबकि 188 बच्चों का हाजिरी बनाया गया था. उस समय विद्यालय प्रधान अनुपस्थित थे.
पठन-पाठन भी सुचारु ढंग से नहीं चल रहा था. अध्यक्ष मो. आजम ने मोबाइल से प्रधानाध्यापक से बात की. हालांकि अध्यक्ष श्री आजम ने इसकी लिखित शिकायत डीइओ से लेकर अन्य पदाधिकारी सहित स्थानीय मुखिया तक से की है. आक्रोशित अभिभावकों ने विद्यालय प्रधान को हटाकर दूसरे प्रधानाध्यापक की नियुक्ति की मांग की है. इधर विद्यालय प्रभारी सोहेल अहमद ने एक लिखित आवेदन देकर बीइओ से शिकायत की है. आवेदन में लिखा है कि अध्यक्ष स्कूल के संचालन में बाधा पहुंचाते हैं. इसकी सूचना स्थानीय मुखिया एवं प्रखंड प्रमुख को भी दी है.
उत्क्रमित मध्य विद्यालय शहवाजपुर (भोलका) का मामला
अनियमितता को ले समिति अध्यक्ष ने अधिकारियों को लिखा पत्र
