जलजमाव से मिलेगी निजात . नगर निगम तैयार कर रहा प्रस्ताव
दरभंगा : बाढ़ की संभावनाएं सामने हैं और नदियों के किनारे घर बने हैं. दुष्यंत कुमार के गजल का यह मिसरा शहरी क्षेत्र के नाला निर्माण प्रक्रिया पर सटीक दिखती है. छह वर्ष पूर्व नगर निगम प्रशासन ने शहर का पानी कमला नदी तक ले जाने के लिए नाला निर्माण संबंधी जो प्राक्कलन सरकार को भेजा था, उसमें आधी राशि की स्वीकृति के कारण नाला निर्माण अबतक अधूरा है. बरसात शुरू होने पर जब डीएमसीएच सहित शहर के कई मोहल्ले जल जमाव से उपलाने लगे हैं
तो जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम आउटलेट व नाला निर्माण के लिए करीब नौ करोड़ का प्राक्कलन बनाने में लगा है. सरकार से नौ करोड़ की मांग के लिए नगर निगम जो पत्र तैयार कर रहा है, उसमें अललपट्टी रेल पुल नंबर 23 से कमला नदी तक करीब डेढ़ किलोमीटर नाला निर्माण तथा उसके बीच के कुछ प्लॉटों का अधिग्रहण भी शामिल है.
अधिग्रहित कई प्लॉटों पर बन गये हैं मकान : अल्लपट्टी रेल पुल संख्या 23 से पूरब के करीब आधा दर्जन से अधिक प्लॉटों को नाला निर्माण के लिए जिला प्रशासन ने अधिग्रहण किया था. लेकिन वर्षों तक जमीन मालिकों को भुगतान नहीं होने से लोगों ने अपनी जमीन औरों के हाथों बेच दी. हाल के वर्षों में उनपर मकान भी बनना शुरू हो गया. कई मकान तो तैयार होने की स्थिति में है. ऐसी स्थिति में अब जिला प्रशासन व नगर निगम प्रशासन को नाला निर्माण के लिए उक्त जमीन का अधिग्रहण करना टेढ़ी खीर हो सकता है.
सूत्रों के अनुसार पिछली सप्ताह डीएम डा. चंद्रशेखर सिंह ने शहर में जल जमाव की समीक्षा के दौरान जब नगर आयुक्त से जानकारी ली तो अललपट्टी रेल पुल से कमला नदी तक उक्त नाला के निर्माण को आवश्यक बताया गया. डीएम के निर्देश पर जमीन अधिग्रहण एवं नाला निर्माण संबंधी पत्र में निगम प्रशासन ने यह बताया है कि शहरी क्षेत्र के लगभग चालीस फीसदी से अधिक भाग की जल निकासी उसी नाला से होता है.
इसीलिए उस नाला का निर्माण आवश्यक है.इसके अलावा लहेरियासराय चट्टी चौक से कमला नदी एवं कगवा गुमटी से कमला नदी तक के आउटलेटों के निर्माण के लिए भी राशि की मांग की गयी है. नगर निगम इस पत्र को डीएम के माध्यम से सरकार को भेजेगा. सरकार इस राशि का आवंटन कब करती है, यह तो आनेवाला समय ही बतायेगा.
