दरभंगा : निगम कर्मियों के अग्रिम भुगतान संबंधी रिपोर्ट नहीं मिलने एवं विज्ञापन प्रभारी प्रदीप सिंह पर अपने पुत्र के नाम पर एजेंसी चलाने का आरोप लगाते हुए पार्षद नफीसुल हक रिंकू ने बुधवार को बोर्ड की बैठक में मेज पर चढ़कर शोर-शराबा किया. यह स्थिति करीब दस मिनट तक रही.
पार्षद की शिकायत थी कि विज्ञापन प्रभारी प्रदीप सिंह अपने पुत्र केशु एडवरटीजमेंट के नाम से विज्ञापन की बुकिंग कर रहे हैं. पार्षद ने आरोप लगाया कि मेसर्स विजय इंटरप्राइजेज को दरभंगा टावर स्थित गांधी स्मारक के निकट एक विज्ञापन की बुकिंग के लिए मात्र 4600 रुपये की रसीद देकर एडवरटीजमेंट कंपनी का 80 हजार का रसीद दिया. पार्षद प्रदीप गुप्ता ने सभी होल्डिंगों की जांच कराने की मांग की.
पार्षद रीता सिंह, संतोष कुमार, किशोर कुमार प्रजापति आदि भी रिंकू की मांग का समर्थन करने लगे. पार्षद रिंकू उक्त निगम कर्मी के निलंबन की मांग कर रहे थे. नगर आयुक्त उन्हें आश्वस्त किया कि इसकी जांच कर समुचित कार्रवाई की जायेगी. मेयर गौड़ी पासवान ने कहा कि प्रदीप सिंह से विज्ञापन संबंधी दायित्व लेकर सुरेंद्र यादव को प्रभारी बनाया गया है.
रामबाग परिसर के लोगों से भी वसूला जाये होल्डिंग टैक्स : पार्षद प्रदीप गुप्ता ने कहा कि दो करोड़ से अधिक की राशि से रामबाग में पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया है. उस परिसर में जितने परिवार रहते हैं, उन सबों को बिजली कनेक्शन दी गयी है. ऐसी स्थिति में परिसर के लोगों से भी होल्डिंग टैक्स की वसूली होनी चाहिए.
तीनों जोन प्रभारी बदले : मेयर ने तीनों जोन प्रभारी को बदल दिया है. जोन प्रभारी विनोद यादव, कुतुब आलम एवं रामबाबू राय को बदलकर उनके बदले राजकुमार शर्मा, घनश्याम दास एवं राजा मल्लिक को यह जिम्मेवारी दी गयी है.मेयर व नगर आयुक्त ने कचरा जमाव के लिए तीन जोन बनाये गये हैं, जहां सुबह से कचरा जमा होगा.
छह घंटे तक चली निगम बोर्ड की बैठक में कई निर्णय
एजेंडों के अनुमोदन पर खींचतान
साढ़े पांच घंटे तक शून्यकाल पर चर्चा होने के बाद मेयर गौड़ी पासवान ने जब एजेंडों पर चर्चा शुरू की, तो पार्षद आशुतोष कुमार ने उसका विरोध शुरू किया. पार्षद शंकर जायसवाल ने कहा कि शून्यकाल छह घंटे और एजेंडाें पर चर्चा में मात्र दस मिनट यह उचित प्रतीत नहीं दिखता. पार्षद प्रदीप गुप्ता ने सुझाव दिया कि शून्यकाल एक घंटा में समाप्त करावें. आशुतोष ने इसपर विरोध जताते हुए कहा कि एजेंडा से संबंधित एक भी कागजात नहीं हैं, जिससे इसका अनुमोदन करना संभव प्रतीत नहीं लगता. पार्षद प्रदीप गुप्ता ने बुडको द्वारा 100 हैंडबैरो की खरीदारी पर 15 लाख 24 हजार 696 रुपये के प्राक्कलन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जब 8500 रुपये की हैंडबैरो की खरीदारी पर तत्कालीन मेयर व नगर आयुक्त पर प्राथमिकी हुई तो इतनी महंगे हैंडबैरो खरीदने का क्या औचित्य है. उन्होंने स्थानीय स्तर पर ही हैंडबैरो खरीदने का सुझाव दिया.
इ-रिक्शा की मरम्मत का उठा मामला
पार्षद रंजीत कुमार ने महीनों से खराब गोदाम में पड़े इ-रिक्सा की मरम्मत का मामला उठाया. इसपर मेयर ने बताया कि टेंडर निकाला गया है. नगर अभियंता रतन किशोर ने भी मरम्मत संबंधी प्रक्रिया की जानकारी दी. लेकिन पार्षद इससे संतुष्ट नहीं हुए. नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि उन गाड़ियों की मरम्मत शीघ्र ही कराया जायेगा. पुरुष पार्षदों के लगातार बोलने से क्षुब्ध हो पार्षद नीला देवी बैठक से निकलने लगी तो कई पार्षदों ने उन्हें मनाया.
नीला देवी की शिकायत थी कि चार दिनों से वार्ड में जल जमाव से निजात के लिए निगम प्रशासन कुछ भी नहीं कर रहा है. पार्षद निशा कुमारी ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दो सफाई कर्मी ने जो प्राथमिकी दर्ज करायी थी, उसमें जोन प्रभारी की भूमिका ठीक नहीं है. मेयर ने आश्वस्त किया कि उन्हें सख्त हिदायत दी जायेगी कि वे उस मामले में पहल नहीं करे.
अगले माह से अंतिम सोमवार को होगी बैठक
कई पार्षदों के आग्रह पर मेयर गौड़ी पासवान ने घोषणा कि अगले माह से अंतिम सोमवार को नियमित रूप से बोर्ड की बैठक होगी. करीब छह घंटे से अधिक समय तक चली बोर्ड की बैठक में कई बार पार्षदों के बीच नोंक-झोंक एवं मेयर, नगर आयुक्त के प्रति आरोप-प्रत्यारोप का दौड़ चलता रहा.
सतर्कता कमेटी की रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई
फुजैल अहमद, आशुतोष कुमार, मधुबाला सिन्हा, रीता सिंह, राममनोहर प्रसाद, रंजीत कुमार सहित कई पार्षदों ने शहरी जलापूर्ति का मामला उठाते हुए कार्य एजेंसी एवं अभिकर्ता पर कार्रवाई की मांग की. मेयर ने बताया कि निगम द्वारा गठित कमेटी एवं जिला प्रशासन की सतर्कता कमेटी की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जायेगी.
पार्षद फुजैल अहमद, हीरा नैयर आजम , राम मनोहर प्रसाद आदि ने खान चौक से रहमगंज तक जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की मांग की, जिससे जलनिकासी हो सके. फुजैल ने एकरा एकेडमी से मिल्लत कॉलेज तक अतिक्रमित नाला को मुक्त कराकर सफाई कराने की मांग की. पार्षद मधुबाला सिन्हा ने नगर निगम के निकट के पार्क के सौंदर्यीकरण एवं जलजमाव के लिए कार्रवाई करने का अनुरोध किया
