दरभंगा : नगर निगम कार्यालय में चल रही निगम बोर्ड की बैठक में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गयी, जब टोकरी में कचरा व हाथ में झाड़ू लिये मिथिला स्टूडेंट्स यूनियन के करीब एक दर्जन छात्र सभागार में दाखिल हो गये. सभी कार्यकर्ता नगर निगम व निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बीच सभा कक्ष में पहुंच गये. सभागार में ही कचरा फेंक दिया.
उनकी हरकत देख मेयर के निर्देश पर नगर आयुक्त ने तुरंत नगर थाना को सूचना दी. इसी बीच नगर निगम के कुछ कर्मियों ने छात्र नेताओं को पकड़ कर बाहर करने की कोशिश की. इस पर वे लोग एक-दूसरे से उलझ गये. इस दौरान स्टूडेंट यूनियन के कार्यकर्ता व निगम कर्मियों के बीच हाथापाई भी हुई.
