मानक प्रपत्र के अनुरूप ही होगी वार्डसभा

बजट पूर्व पहली बार वार्डों में होगी सभा, प्रपत्र में वार्डसभा में 11 बिंदुओं पर चर्चा की जायेगी सभी प्रोपर्टी से होल्डिंग टैक्स की हो नियमित वसूली दरभंगा : वित्तीय वर्ष 2016-17 के बजट की तैयारी से पूर्व शहर के सभी वार्डों में वार्ड सभा करने के लिए राज्य सरकार ने कार्यवाही का मानक प्रपत्र […]

बजट पूर्व पहली बार वार्डों में होगी सभा, प्रपत्र में वार्डसभा में 11 बिंदुओं पर चर्चा की जायेगी

सभी प्रोपर्टी से होल्डिंग टैक्स की हो नियमित वसूली
दरभंगा : वित्तीय वर्ष 2016-17 के बजट की तैयारी से पूर्व शहर के सभी वार्डों में वार्ड सभा करने के लिए राज्य सरकार ने कार्यवाही का मानक प्रपत्र भेजा है. इस प्रपत्र में वार्डसभा में 11 बिंदुओं पर चर्चा की जायेगी. बजट पूर्व वार्डसभा कर उसकी कार्यवाही के अनुरूप बजट में प्रावधान करने का कार्य पहली बार नगर निकायों में शुरू किया गया है.
सूत्रों के अनुसार नगर विकास एवं आवास विभाग ने वार्डसभा की बैठक की कार्यवाही संबंधी जो मानक प्रपत्र भेजा है, उसके अनुसार स्वच्छता के तहत वार्ड के सभी घरों से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह कर उसे वाहनों से संग्रह स्थल तक ले जाना है. वार्ड के सार्वजनिक स्थानों, पथों पर नियमित रूप से प्रतिदिन सफाई संबंधी विवरणी पर सभा में चर्चा की जायेगी तथा लोगों के विचार को दर्ज किया जाना है.
हर घर पहुंचे नल-जल
हर घर नल-जल के तहत सरकार ने निर्णय लिया है कि सभी घरों तक नल द्वारा शुद्ध पेयजल की आपूर्ति करायी जाय. वर्तमान में जिस वार्ड में जलापूर्ति की व्यवस्था है या नहीं, आमसभा में इसपर चर्चा कर उसे कार्यवाही में अंकित करें. सबके लिए शौचालय अनिवार्य है.
इसके लिए सरकार शौचालय विहीन परिवारों को 12 हजार रुपये सहायता अनुदान भी दे रही है. वार्डसभा में उपस्थित लोगों के बीच इसकी जानकारी देकर यह सुनिश्चित करें कि एक भी व्यक्ति यहां शौचालय विहीन नहीं रहे. जिस व्यक्ति के पास शौचालय बनाने के लिए जमीन नहीं है, उन्हें सामुदायिक शौचालय से जोड़ा जाय.
सबको मिले आवास
सबके लिए आवास पर चर्चा कर नगर निकाय की ओर से गृहविहीन परिवारों की तैयार की जा रही सूची को वार्डसभा में पढ़कर सुनावें. इसमें जो गलत नाम हों उसे सर्वसम्मति से हटा दें तथा जो छूटे हुए नाम हैं, उसे अंकित करें ताकि उस वार्ड में कोई गृहविहीन न रहे. हर घर तक पक्का रोड देने का सरकार ने निर्णय लिया है.
इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए वैसे सड़कों को चिन्हित कर सूचीबद्ध करें जिन्हें पक्काकरण करना है. जलजमाव से वार्ड को मुक्त करने के लिए जिन सड़क के किनारे नाले का प्रावधान आवश्यक है, उसे अंकित करें. पार्क एवं हरे क्षेत्र के विकास तथा उसके रखरखाव पर भी वार्डसभा में चर्चा हो. यदि वैसे कोई स्थल नहीं है तो प्रस्ताव पारित कर उसके लिए नगर निकाय को भेजें. स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पूरे वार्ड में मुख्य सड़क से लेकर गलियों तक करनी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >