Darbhanga News: दरभंगा के सदर प्रखंड स्थित एक मध्य विद्यालय में एक शिक्षक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है. हालांकि प्रभात खबर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
स्कूल परिसर में घुसकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, नैनाघाट पंचायत स्थित मझियाम मध्य विद्यालय में कुछ युवक अचानक स्कूल परिसर में घुस आए और एक शिक्षक के साथ मारपीट शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि स्कूल की एक छात्रा के साथ छेड़खानी के आरोप को लेकर युवकों ने यह हमला किया.
वायरल वीडियो में करीब आधा दर्जन युवक शिक्षक को घेरकर पीटते दिखाई दे रहे हैं. घटना के दौरान स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अन्य शिक्षक व छात्र डरे-सहमे नजर आए.
कानून हाथ में लेने पर उठे सवाल
घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं. लोगों का कहना है कि आरोप चाहे जो भी हो, कानून को हाथ में लेना उचित नहीं है. स्कूल जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह की घटना से अभिभावकों और छात्रों में भी डर का माहौल है.
बीईओ ने मांगा स्पष्टीकरण
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) राजेश कुमार ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से जवाब तलब किया है. बीईओ ने पूछा है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद पुलिस और विभागीय अधिकारियों को तत्काल सूचना क्यों नहीं दी गई.
उन्होंने प्रधानाध्यापक को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है. साथ ही कहा है कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
इलाके में चर्चा का माहौल
घटना के बाद सदर प्रखंड में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. स्थानीय लोग स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और शिक्षा संस्थानों में बढ़ती असुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं.
दरभंगा सदर से अशोक झा की रिपोर्ट
