दरभंगा : मौसम के बदले मिजाज के साथ शुरू हुए कोहरे के कहर ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. लंबी दूरी की प्राय: सभी गाड़ियां घंटों विलंब से चल रही हैं. इससे यात्रियों की परेशानी एक बार फिर बढ़ गयी है.
गाड़ी की प्रतीक्षा में जंकशन पर इस भीषण शीतलहर में यात्रााियों को कई घंटे गुजारना पड़ रहा है. घने कोहरे की वजह से आवक व जावक दोनों ट्रेनों का परिचालन अस्त-व्यस्त हो गया है. बुधवार को कई ट्रेनें घंटों लेट चल रही थी.
नयी दिल्ली से आनेवाली 12562 स्वतंत्रता सेनानी सुपर फास्ट एक्सप्रेस बुधवार को अपराहन करीब तीन बजे यहां आयी. इसे ट्रेन को मंगलवार की शाम 6.25 बजे ही पहुंचनी थी. लिहाजा रात लगभग 9 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान कर सकी. इसी तरह अमृतसर से आनेवाली 15212 जननायक एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय अहले सुबह 3 बजे से करीब 11.30 घंटे विलंब से दरभंगा पहुंच सकी. लेट से आने के कारण यह गाड़ी लगभग 3 घंटे विलंब से रात 8.30 बजे खुल सकी.
अमृतसर से ही आनेवाली 14650 सरयू यमुना एक्सप्रेस लगभग 19 घंटे लेट से शाम 6 बजे यहां आयी. इसके बाद जयनगर के लिए रवाना हुई. यह कब वापस अमृतसर के लिए रवाना होगी इस बाबत यात्रियों को सही सूचना शाम तक देने में विभागीय कर्मी असमर्थ नजर आ रहे थे. इसे मंगलवार की रात 11.20 बजे ही पहुंच जाना चाहिए था. इस लेट लतीफी की कड़ी में मंडल की सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन बिहार संपर्क क्रांति का नाम भी शामिल है.
नयी दिल्ली से आनेवाली 12566 नंबर की यह गाड़ी लगभग 4 घंटे लेट आ सकी. इसके आने का निर्धारित समय पूर्वाहन 11.20 बजे है. आनंद बिहार से जयनगर जानेवाली 12570 गरीब रथ 7 घंटे की देरी से दरभंगा आयी. ट्रेनों की इस लेटलतीफी की वजह से यात्रियों की परेशानी काफी बढ़ गयी है. गाड़ी के इंतजार में यात्रियों को घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ रही है. मजबूरन इस शीतलहर में सफर करनेवालों को ठंड में ठिठुर कर वक्त गुजारना पड़ रहा है.
अधिकांश ट्रेनों के लेट चलने के कारण सभी गाड़ियों के यात्री एक साथ जमा हो जाने के कारण पूरा जंकशन यात्रियों की भीड़ से हमेशा पटा नजर आता है.
