Darbhanga News: जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए. गुरुवार देर रात इंटोखर पोखर के पास एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार ससुर-दामाद को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे की सबसे कारुणिक सच्चाई यह है कि एक ही पल में मां और बेटी दोनों का सुहाग उजड़ गया.
गृह प्रवेश की खुशियां मातम में बदलीं
मृतकों की पहचान राढ़ी पूर्वी पंचायत के कुम्हरौली निवासी राम भरोस प्रसाद और उनके दामाद संतोष कुमार साह (निवासी सनहपुर मखनपुर) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, संतोष अपने साढू के नए घर में आयोजित गृह प्रवेश और पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने ससुर को बाइक से लेकर जा रहा था. खुशियों भरे माहौल में शामिल होने जा रहे परिवार को क्या पता था कि रास्ते में काल उनका इंतजार कर रहा है.
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से मारी टक्कर
हादसा खिरोई नदी के पश्चिम, इंटोखर पोखर और ब्रह्मपुर हाट के बीच हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कमतौल की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
गांव में पसरा सन्नाटा, गमगीन हुआ माहौल
शुक्रवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों शव गाँव पहुँचे, तो परिजनों के चीत्कार से पूरा इलाका गमगीन हो गया. शुक्रवार को ही दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.
दरभंगा से शिवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
यह भी पढ़ेंं: Darbhanga: पेट्रोल पंप पर बवाल, ग्राहक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
