प्रभारी मंत्री होंगे जिला समिति के अध्यक्ष
प्रखंड व पंचायत स्तर पर भी समिति
दरभंगा : बाढ़ आपदा के समय राहत वितरण कार्य को पारदर्शी बनाने एवं कार्य में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला, प्रखण्ड व पंचायत स्तर पर राहत अनुश्रवण सह निगरानी समिति का गठन किया गया है. जिला राहत अनुश्रवण सह निगरानी समिति के अध्यक्ष जिला के प्रभारी मंत्री होंगे. जिला पदाधिकारी सदस्य सचिव होंगे.
वहीं जिला परिषद के अध्यक्ष, सभी सांसद, विधायक, पार्षद, प्रखण्ड प्रमुख, सभी राजनैतिक दलों के एक-एक प्रतिनिधि एवं संबंधित विभाग के जिला स्तरीय पदाधिकारी समिति के सदस्य होंगे. प्रखण्ड राहत अनुश्रवण सह निगरानी समिति के अध्यक्ष प्रखण्ड प्रमुख एवं अंचल अधिकारी समिति के सदस्य सचिव होंगे. समिति के सदस्यों में सांसद, विधायक, मुखिया, राजनीतिक दलों के एक-एक प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारी शामिल होंगे. पंचायत राहत अनुश्रवण सह निगरानी समिति के अध्यक्ष मुखिया एवं पंचायत सेवक सदस्य सचिव होंगे.
पंचायत वार्ड के सदस्यगण, मुखिया पद के हारे हुए निकटमत उम्मीदवार, सभी राजनीतिक दलों के एक-एक प्रतिनिधि एवं पंचायत समिति के सदस्य जो उक्त पंचायत के निवासी हों, समिति के सदस्य होंगे. आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा निर्देश के अनुसार राहत सामग्री, नकद राशि आदि का वितरण कार्य पंचायत राहत एवं अनुश्रवण समिति की देख-रेख में किया जायेगा. राहत सामग्री जो वितरित की जा रही है, उसकी सूची पंचायत के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की जाएगी.
