288 किलोमीटर के लक्ष्य के विरुद्ध 90 किमी. में बिछा दिया गया केबल
दरभंगा : शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को इस बार गर्मी में बिजली ट्रिपिंग की समस्या नहीं होगी. इसके लिए विभाग युद्धस्तर पर ट्रांसफार्मर लगा रहा है. शहर में 259 नये ट्रांसफार्मर लगाये जा रहे हैं. कटहलवाड़ी भंडार चौक, बेला मोड़, डेनवी रोड सहित कई स्थानों पर नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है. शेष चिन्हित स्थानों पर इसके लिए काम चल रहा है. इससे पुराने ट्रांसफार्मर पर दवाब कम होगा. इसका सीधा असर निर्वाध विद्युत आपूर्ति पर होगा. लोगों को राहत मिलेगी.
मालूम हो कि गरमी बढ़ते ही बिजली ट्रिपिंग की समस्या बढ़ जाती है. अत्यधिक लोड होने की वजह से ट्रिपिंग के साथ लो वोल्टेज की समस्या होती रहती है. इससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ती है. विभाग इस समस्या से निजात के लिये मुहल्ले के बाहरी भाग में उच्च क्षमता वाले ट्रांसर्फामर लगा रहा है.
जिस गति से ट्रांसफार्मर के साथ तार व पोल बदले जा रहे हैं, उससे उम्मीद है कि प्रचंड गर्मी शुरू होने तक यह कार्य पूरा कर लिया जायेगा. उल्लेखनीय है कि नगर क्षेत्र में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिये विभाग ने अतिरिक्त ट्रांसर्फामर के अलावा नयी लाइन का विस्तार किये जाने को लेकर आइपीडीएस योजना के तहत इस्ट इंडिया को काम सौंपा था.
315 केवीए के 25 ट्रांसफाॅर्मर उपलब्ध
315 केवीए का 25 ट्रांसफार्मर उपलब्ध हुआ है. इसमें से अधिकांश लगा दिए गए हैं. 500 केवीए का एक भी ट्रांसफार्मर अब तक उपलब्ध नहीं हो सका है. करीब 90 किलोमीटर में केवल लगा दिये गये हैं. कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है.
योजना को पूरा करने का समय :आइपीडीएस योजना के तहत दो साल में कार्य पूरा करना है. योजना को धरातल पर लाने का काम इस्ट इंडिया कंपनी को दिया गया है. योजना को लेकर 80 से 90 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
