बेनीपुर/ सदर (दरभंगा) : दिल्ली मोड़ के निकट एनएच-57 पर गुरुवार की देर शाम टेंपो दुर्घटना में बहेड़ा थाने के हावीभौआर के दो लोगों की मौत हो गयी. उनकी पहचान प्रेम पासवान व रामसेवक पासवान के पुत्र धर्मदास पासवान के रूप में हुई है. चालक अजय झा सहित आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गये.
प्राप्त सूचना के अनुसार जुगो पासवान अपने परिजनों के साथ कंसी कलना से अपनी नवविवाहिता पुत्री की विदागरी करा कर हावीभौआर वापस आ रहे थे. इसी दौरान दिल्ली मोड़ के निकट चालक का संतुलन बिगड़ गया. टेंपो डिवाइडर से जा टकराया. इसमें सवार नवविवाहित दंपती के अलावा जुगो पासवान, ढोराई पासवान, घुसका पासवान, प्रेम पासवान, धनिक लाल पासवान, धर्मदास पासवान, भुटाई पासवान एवं चालक अजय झा गंभीर रूप से जख्मी हो गये. सभी एक ही परिवार के सगे-संबंधी हैं.
सभी जख्मी को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां प्रेम पासवान (55) एवं धरमदास पासवान (35) की मौत हो गयी. गुजो पासवान का बेटा भुटाई पासवान डीएमसीएच में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है. वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाविभौआर एवं कलना गांव में मातम पसर गया है. गुजो पासवान की पुत्री महरानी कुमारी की शादी छह मई को कलना के छोटू पासवान के साथ हुई थी. शादी के बाद वे लोग विदागरी की रस्म अदायगी के बाद बेटी व दमाद को साथ लेकर अपने घर लौट रहे थे. इसी बीच हादसा हो गया. इधर परिजन हरिवंश पासवान ने अपना बयान बेंता ओपी में दर्ज कराया है.
