दरभंगा सदर : थाना क्षेत्र के आमी गांव में सोमवार को बाइक हादसे में दो युवक जख्मी हो गये. इसमें एक युवक के पास से देसी कट्टा देख स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया. इसकी खबर पुलिस को दी. पुलिस ने उसे अपने कब्जे ले लिया है. मामूली रुप से जख्मी युवक बहादुरपुर थाना के बिरनियां निवासी बलदेव चौपाल का पुत्र अमरजीत चौपाल बताया गया है.
इसके पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा भी बरामद किया है. वहीं दूसरे युवक बहादुरपुर बिरनियां के प्रमोद मुखिया को इलाज के लिये उसे डीएमसीएच के कैदी वार्ड में रखा गया है. बताया जाता है कि अमरजीत अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से अपने मामा बंसारा निवासी जनक चौपाल के पुत्र राजेंद्र चौपाल के यहां से आ रहा था. इसी क्रम में आमी में तेज गति होने की वजह से बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इसमें चालक गंभीर अवस्था में घायल हो गया एवं दूसरा चोटिल हो जख्मी हो गया. इस घटना में युवक के पास देसी कट्टा पर नजर पड़ते ही लोगों ने पकड़ लिया. इसकी सूचना संबंधित थाने को दी. जानकारी मिलते ही सोनकी ओपी अध्यक्ष धर्मपाल दल-बल के साथ वहां पहुंचे. ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने देसी कट्टा कब्जे में लेते हुए उसे हिरासत में लेकर सदर थाना ले आयी. थाने पर पूछताछ की जा रही है. थानाध्यक्ष उमेश चंद्र तिवारी ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है. कई अन्य मामले भी सामने आ सकते हैं.
डीजे बंद किया, तो मां-बेटे को बेरहमी से पीटा
दरभंगा. नगर थाना क्षेत्र के सेनापत मुहल्ला में रविवार की रात आठ बजे बारात में भगदड़ मच गयी. डीजे पर हो रहे डांस में कुछ असामाजिक तत्व घुस गये. इस पर घरवालों द्वारा गाना बंद करा दिया गया. इससे नाराज असमाजिक तत्वों ने लक्ष्मण राम की पत्नी लक्ष्मी देवी, पुत्र पवन कुमार व प्रभाकर कुमार के साथ मारपीट की. बारात के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट से अफरा-तफरी मच गयी. घायल सभी का इलाज डीएमसीएच में कराया गया. घायल पवन ने बेंता ओपी पुलिस को दिये बयान में कहा है कि स्थानीय मो. जाहिद, मो. साखिद, मो. बाहिद, मो. लड्डु, मो. हुसैन, मो. अफताब, मो. चांद, मो. जहांगीर, अब्दुल को बारात से कोई लेना-देना नहीं था. बारात जाने के दौरान बज रहे डीजे के धुन पर सभी हुल्लड़बाजी करने लगे. इसके बाद परिवार वालों ने डीजे बंद करा दिया. डीजे बंद करने पर डांस कर रहे आरोपियों ने हो-हल्ला मचाना शुरू कर दिया. आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरु कर दी.
