गिरफ्तार दो नशेड़ियों की निशानदेही पर मिली सफलता
छह कारोबारियों पर दर्ज की गयी प्राथमिकी
जाले : पुलिस ने मंगलवार की देर शाम कछुआ पंचायत के शेरहा चौर से धान के पुआल की ढेर में छुपा कर रखे गये 20 कार्टून विदेशी शराब बरामद की है. इसमें 750 एमएल, 375 एमएल एवं 180 एमएल की कुल 534 बोतल पायी गयी. पुलिस ने इस मामले में दो कारोबारी को भी पकड़ लिया है. एएसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि क्षेत्र में शराब की बड़ी खेप आने की सूचना मिली थी. जाले, सिंहवाड़ा एवं कमतौल थाना की पुलिस को इसे लेकर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया था. 28 नवंबर की शाम दोघरा के विषहर चौक के समीप संध्या गश्ती के दौरान स्थानीय पुलिस ने बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के लड्डुगांमा निवासी नरेश पांडे उर्फ नरेश सिंह के पुत्र विनय पांडे उर्फ बीना सिंह को नशे की हालत में शोर-शराबा करते पाया. शराब पीने की पुष्टि होने पर उससे पूछताछ की गयी.
उससे मिली जानकारी के आधार पर सिंहवाड़ा प्रखंड के कटका पंचायत के पकड़ीहार निवासी हरदेव शर्मा का पुत्र सुनील शर्मा को भी नशे की हालत में पकड़ लिया गया. दोनों नशेड़ियों की निशानदेही पर पुलिस ने कछुआ पंचायत के शेरहा चौर से बीस कार्टून विदेशी शराब बरामद किया. गिरफ्तार सुनील शर्मा पूर्व में जेल भी जा चुका है. वह फरार चल रहा था. स्थानीय थानाध्यक्ष के लिखित बयान पर ब्रह्मपुर गांव निवासी कारी ठाकुर के पुत्र माधव ठाकुर, कछुआ निवासी कोपेंद्र मिश्र के पुत्र मोनू मिश्र, श्याम मिश्र के पुत्र राहुल मिश्र, जुबैर के पुत्र जहांगीर, शाकिर के पुत्र सद्दाम, मो. मुमताज के पुत्र अहमद रजा के विरुद्ध अवैध रूप से शराब का कारोबार करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि जल्द ही कारोबारियों को पकड़ लिया जाएगा.
