Chicken Neck Four Lane Project: भारत के पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंचने के लिए एक बदलाव होने जा रहा है. सिलीगुड़ी के बेहद संवेदनशील माने जाने वाले चिकन नेक इलाके में रोड नेटवर्क को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने एक नए फोरलेन हाईवे को मंजूरी दी है. करीब 2077.18 करोड़ की लागत वाली यह परियोजना भविष्य में इस पूरे इलाके की कनेक्टिविटी का नया विकल्प बन सकती है.
31.02 किलोमीटर लंबी होगी सड़क
जानकारी के मुताबिक, प्रस्तावित सड़क पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में बागडोगरा से शुरू होकर पानीटंकी और खारीबारी होते हुए बिहार के गलगलिया तक जाएगी. इसकी लंबाई करीब 31.02 किलोमीटर होगी. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस प्रोजेक्ट की जानकारी साझा की है.
लोगों को मिलेगा बेहतर रूट
इस परियोजना की खास बात यह है कि नया फोरलेन हाईवे मौजूदा NH-27 के समानांतर, उससे करीब 20 से 30 किलोमीटर की दूरी पर विकसित किया जाएगा. यानी सिलीगुड़ी और बिहार के बीच आने-जाने वालों को एक अतिरिक्त और बेहतर रूट मिल सकेगा.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
ये सभी परियोजनाएं हैं प्रस्तावित
परियोजना में तीन बड़े पुल, एक ओवरब्रिज और पांच एलिफेंट अंडरपास बनाने का प्रावधान है. इसके अलावा हाईवे के दोनों तरफ सर्विस लेन भी विकसित की जाएंगी. एलिफेंट अंडरपास का उद्देश्य हाथियों और अन्य वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है.
रेलवे लाइन बिछाने की भी योजना
सिलीगुड़ी क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी केवल सड़क तक सीमित नहीं है. आसपास करीब 35 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड रेलवे लाइन की योजना भी सामने आ चुकी है. ऐसे में फोरलेन हाईवे और भूमिगत रेल परियोजना मिलकर इस महत्वपूर्ण कॉरिडोर में परिवहन का मजबूत नेटवर्क तैयार कर सकती हैं.
इन जिलों से गुजरेगा रेल लाइन
जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार और पूर्वोत्तर के बीच आवाजाही को बेहतर बनाने के लिए एक ऑप्शनल रेल रूट तैयार कर रही है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से जारी किए रूट मैप की माने तो, यह लाइन गोरखपुर, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, सरायगढ़, फारबिसगंज, अररिया और ठाकुरगंज से होते हुए सिलीगुड़ी और आगे गुवाहाटी तक जाएगी.
