लालसरैया स्टेडियम में जेडीएम क्रिकेट क्लब के टूर्नामेंट का समापन
शेखौना के सहोदर भाइयों को मिला बेहतर प्रदर्शन का खिताब
मझौलिया : सीताराम स्टेडियम लालसरैया में जेएमडी क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट मैच का समापन हो गया. फाइनल में हरनाटाड़ की टीम ने शेखौना क्रिकेट क्लब टीम को 22 रनों से हराकर ट्राफी पर अपना कब्जा जमा लिया.
विजेता टीम के कप्तान सुमित कुमार तथा उपविजेता टीम के कप्तान सोनू कुमार को मुख्य अतिथि जदयू जिला प्रवक्ता अनिल कुमार झा, विधायक मदन मोहन तिवारी, समाजसेवी अनुज कुमार सिंह ने कप देकर सम्मानित किया. मैच के दौरान हरनाटांड़ की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 170 रन बनाये. जवाब में खेलती हुई शेखौना की टीम ने 9 विकेट पर 148 रन पर ही सिमट गयी. मैन ऑफ द मैच हरनाटांड़ के राजा ने 98 रन बनाकर पाया. जबकि मैन ऑफ द सीरीज शेखौना के कमरूल ने प्राप्त किया. एएसपी अभियान राजेश कुमार, थानाध्यक्ष ओपी चौहान, खुशनंदन राम, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष म. कलीमुल्लाह आदि ने भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया.
जिला जदयू प्रवक्ता अनिल कुमार झा और विधायक मदन मोहन तिवारी ने उप विजेता टीम के बेहतर प्रदर्शन करनेवाले सहोदर भाइयों राकेश कुमार तथा मुकेश कुमार का हौंसला बुलंद करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया और कहा कि खेल से अनुशासन और सम्मान की सीख मिलती है. मैच में कमेंट्री जदयू जिला सचिव गोल्डेन पांडेय, शिवम कुमार चौबे, नरेश कुमार तथा स्कोरर महेश कुमार, भरथ प्रसाद के अलावा जेडीएम क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष रजनीश कुमार पांडेय, युवा जदयू के जिला अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह दीपू , जितेंद्र कुमार जितू का सराहनीय योगदान रहा.
साठी धर्मपुर ने मोनार्क बेतिया को हरा किया शील्ड पर कब्जा
लौरिया़ प्रखंड मुख्यालय स्थित साहू जैन स्टेडियम में चल रहे 19वें स्वर्गीय रामानंद ठाकुर क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच डायमंड क्रिकेट क्लब धोबनी धर्मपुर साठी और मोनार्क बेतिया के बीच खेला गया. इसमें टॉस जीतकर मोनार्क की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 100 रन बनाये. जवाब में साठी धर्मपुर की टीम ने 16 वें ओवर में ही लक्ष्य को प्राप्त कर लिया और बेतिया की टीम को हराकर शील्ड पर कब्जा कर लिया. मैच के मुख्य अतिथि चनपटिया विधायक प्रकाश राय, वाल्मीकिनगर विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने विजेता टीम के सफीबुल गन्नी को और उपविजेता टीम को शील्ड व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. जबकि धोबनी धर्मपुर के पैक्स अध्यक्ष मो. फारूख ने भी 5100 रूपये का नगद पुरस्कार विजेता टीम को दिया. वाल्मीकिनगर के विधायक श्री सिंह ने कहा कि यहां के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर चंपारण का नाम रौशन करें.
चनपटिया विधायक प्रकाश राय ने कहा कि सौहार्द के लिए खेल बेहतर हथियार है. वे खिलाड़ियों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया. मौके पर सत्येंद्र बहादुर राव, कामेश्वर पांडेय, प्रधानाध्यापक मजिस्टर राव, सत्यनारायण प्रसाद सिन्हा, मो. फैयाज, नसीम अहमद, नौशाद आलम, मिस्टर आलम, मो.शाहजमा, आयोजक मनोज ठाकुर, जिंटू झा, बिहू तिवारी, अभय श्रीवास्तव, डिंपल सिंह, गोलू, रवि, संजय, ललन, नीरज सहित अन्य ने मैच को सफल बनाया.
मौके पर हजारों की भीड़ रही.
