बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा चरमरायी
बेतिया : बीएसएनएल के लिए ‘भाई साहब नहीं लगेगा’ की चर्चित कहावत इन दिनों जिले में पूरी तरह से चरितार्थ हो रही है. लगातार तीन दिनों से बीएसएनएल की सेवाएं बाधित हैं. मोबाइल नेटवर्क रूक-रूक आ जा रहे हैं. इससे सेलफोन डिब्बा बन गये हैं. लैंडलाइन की सेवाएं ठीक हैं तो वहीं ब्राॅडबैंड की सेवा […]
बेतिया : बीएसएनएल के लिए ‘भाई साहब नहीं लगेगा’ की चर्चित कहावत इन दिनों जिले में पूरी तरह से चरितार्थ हो रही है. लगातार तीन दिनों से बीएसएनएल की सेवाएं बाधित हैं. मोबाइल नेटवर्क रूक-रूक आ जा रहे हैं. इससे सेलफोन डिब्बा बन गये हैं. लैंडलाइन की सेवाएं ठीक हैं तो वहीं ब्राॅडबैंड की सेवा पूरी तरह से ठप है.
इससे बीएसएनएल के नेटवर्क से जुड़े सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों में काम-काज पर असर पड़ने लगा है. ग्राहकों की जमकर फजीहत हो रही है. बीएसएनएल के ग्राहक अन्य नेटवर्क की ओर भागने लगे हैं.
बीएसएनएल की सेवाएं बाधित होने का यह सिलसिला बीते 31 दिसंबर की रात 10 से ही शुरू हुआ. मोबाइल नेटवर्क, लैंडलाइन व ब्राडबैंड सेवा पूरी तरह से ठप हो गई. यह एक जनवरी की दोपहर एक बजे तक रहा. लिहाजा बीएसएनएल के उपभोक्ता अपने प्रियजनों को न तो शुभकामना एमएमएस भेज सके और न ही व्हाट्सएप फेसबुक या फोन कॉल पर बधाई दे पाये. करीब तीन घंटे ठीक रहने के बाद फिर से बीएसएनएल नेटवर्क ने दगा दे दिया.
दूसरे दिन दो जनवरी को भी दोपहर के दो बजे ब्राॅडबैंड सेवा फिर ठप हो गयी. दो बजे से ठप हुई यह सेवा अगले दिन तीन जनवरी की दोपहर 11 बजे ठीक हुई तो एक घंटे बाद 12 बजे फिर चली गयी.
इससे बाद देर शाम तक ब्राडबैंड नहीं शुरू हो सका. हालांकि इन तीन दिनों में स्थानीय दूरसंचार कार्यालय के अधिकारी ब्राॅडबैंड सेवा के गायब होने की वजह तक पता नहीं लगा पाये हैं. इस संदर्भ में डीजीएम ब्राॅडबैंड ने बताया कि मामला जानकारी में नहीं है. यदि ऐसा है तो इसके बारे में तुरंत पता लगाता हूं. ऐसा नहीं होना चाहिए.
कैशलेस इंडिया को पलीता लगा रहा विभाग: प्रधानमंत्री के डिजिटल व कैशलेस इंडिया को दूरसंचार विभाग ही पलीता लगाने में जुट गया है. बीएसएनएल की बाधित सेवाओं के चलते बीएसएनएल मोबाइल बैंकिंग, स्वाइप मशीन, नेटबैकिंग आदि प्रभावित हो रही है.