अच्छी पहल. बिहार मंदिर चहारदीवारी निर्माण योजना से बना प्राक्कलन
बेतिया : बिहार मंदिर चहारदीवारी निर्माण योजना के तहत प़ चम्पारण जिले के कुल 27 मंदिरों की चहारदीवारी का निर्माण 14 करोड़ की लागत से होगा.
सूबे के मंदिरों में रखे कीमती मूर्तियों की सुरक्षा को सरकार द्वारा उक्त निर्णय लिया गया है और इस आलोक में बिहार धार्मिक न्यास परिषद् पटना द्वारा समर्पित की गई मंदिरों की सूची में अब तक जिले के कुल 21 मंदिरों के चहारदीवारी के लिए प्राक्कलन समर्पित कर दिया गया है. जिसमें चनपटिया प्रखंड के नौ, नौतन के दो, सिकटा के तीन, लौरिया के एक , नरकटियागंज के चार व बेतिया प्रखंड के चार मंदिर शामिल हैं.
सरकार द्वारा वर्ष 2016-17 में बाउंड्री के निर्माण योजना को 10 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराया गया है. उपलब्ध कराये गए सूची के आलोक में प्राथमिकता निर्धारित कर बाउंड्री निर्माण का काम सम्पन्न कराया जाएगा. यदि इसका निर्माण हो जाए तो क्षेत्र के गिने-चुने मंदिरों में अवस्थित भगवान को चोरी होने से बचाया जा सकता है.
इन मठ,मंदिरों के बाउंड्री के लिए स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन द्वारा प्राक्कलन बनाकर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है. अब प्रशासनिक स्वीकृति की प्रतीक्षा है. प्रशासनिक स्वीकृति होते हीं इन मंदिरों मठो के चहारदीवारी का काम आरंभ कर दिया जायेगा. इस प्रकार जिले में अभी फिलहाल चिन्हित किये गये 21 मठ मंदिरों केचहारदीवारी का काम 5 करोड़ 79 लाख 88 हजार की लागत से कराया जायेगा. जबकि जिले में 27 मंदिरों -मठों के बाउंड्री का काम कराया जाना है.
स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के कार्यपालक अभियंता की मानें तो मठ-मंदिरों के बाउंड्री निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर जिला प्रशासन को प्रशासनिक स्वीकृति के सौंप दिया गया है. प्रशासनिक स्वीकृति होते हीं अग्रेतर कार्रवाई आंरभ कर दी जायेगी.
अंतिम सांसे ले रही हैं बेतियाराज की धरोहरें
बेतिया. बेतिया राज के नाम से यूं तो चंपारण का हर कोई परिचित होगा. लेकिन अब इस खानदान की धरोहर और इसके अवशेष खत्म होने की राह पर हैं. शायद वो दिन दूर नहीं जब इस राजवंश की गाथा इतिहास के पन्नों में सिमट जाए. सन 1244 में जैथरिया वंश की शख्सियत गंगेश्वर देव के वंशज अग्रसेन ने इस राजवंश की नींव रखी.
अग्रसेन को मुगल सम्राट शाहजहां ने राजा की पदवी से नवाजा था और 1659 में इस पदवी को सुशोभित करनेवाले उनके वंशज राजा गज सिंह ने बेतिया में अपना महल बनवाया. जिसके साथ ही चलन में आ गया इस परिवार का नाम बेतिया राज. 400 साल पुराने इस राजवंश की तमाम धरोहरें बेतिया में अंतिम सांसें ले रही हैं. इन्हें देखने वाला इस परिवार का कोई नहीं बचा और सरकार ने इसकी संपत्ति और अवशेषों की देखरेख के लिए जो रिसीवर नियुक्त कर रखा है. वो भी शायद कागजी जिम्मेदारी ज्यादा निभा रहे हैं. उत्तराधिकारी एवं सरकार की लड़ाई के बीच इस राज की धरोहरों को कोर्ट आफ वार्ड्स के नियंत्रण में रखा गया है. जिसकी प्रशासनिक नियंत्रण एवं सुरक्षा की जिम्मेवारी पूरी तरह बिहार सरकार के उपर है.
सरकारी नियंत्रण के बावजूद राज की अरबों की संपत्तियों की सुरक्षा एक-दो सिपाहियों की जिम्मे है. बेतिया राज द्वारा संरक्षित मंदिर राजस्व पर्षद के बेलगाम शोषण का शिकार हैं. इन मंदिरों को पूर्व काल से प्राप्त तमाम रख-रखाव से संबंधित सभी व्यवस्थांए सफाई व सुरक्षा संशाधन निरस्त कर 1964 से ही मंदिरों के तमाम भवन व भूखंड तालाब व बाग तक लीज पर दे दिए गये हैं. लगभग सभी आयोजनों से अनियंत्रित कर वसूली भी की जा रही है. जबकि इन सबके पीछे मामूली वेतन पर काम करने वाले पुजारियों की सहमति की बात बतला कर राज मैनेजर भी अपना पल्ला झाड़ लेते हैं. आज बेतिया राज के तमाम मंदिर समय के थपेड़ों से घायल हैं. वे दुर्व्यवस्थाओं का दंश झेल रहे हैं.
वहीं राजस्व पर्षद के सदस्य व अधिकारी इन मंदिरों में नित्य नये तुगलकी फरमान जारी करते रहे हैं.
प्रखंड मंदिरों की सूची प्राक्कलित राशि
चनपटिया बकुलहर सुखदेव राम की ठाकुरबाड़ी 2206000
चनपटिया लालगढ़ मठ की चहारदीवारी 4226900
चनपटिया पुरैना गोसाई टोला में रामजानकी मंदिर 4997300
चनपटिया बकुलहर हरिहर संस्कृत कालेज 4998200
चनपटिया बकुलहर मठ की चहारदीवारी 4919300
चनपटिया जैतिया रामजानकी मंदिर 1575500
नौतन धुमनगर कचहरी टोला रामजानकी मंदिर 3680800
नौतन कबीर पंथी रेखा सुंदरपट्टी मठ 2843500
बैरिया तधवानंदपुर तधवा मठ 4690500
सिकटा गोपालपुर मठ का चहारदीवारी 3301000
सिकटा धुतहा विशुनपुरवा मठ का चहारदीवारी 2436300
सिकटा सिधवलियाटोला रामजानकी मंदिर 1582700
लौरिया विशुनपुरवा ब्रह्मस्थान की चहारदीवारी 1048100
नरकटियागंज बहुअरवा कला में रामजानकी मंदिर 508000
नरकटियागंज धनकुटवा मठ का चहारदीवारी 1728000
नरकटियागंज मारवाड़ीधर्मशाला का चहारदीवारी 1295000
नरकटियागंज बैतापुर में रामजानकी मंदिर 4245000
बेतिया गनौली धर्मपुर मठ का 3195400
बेतिया पूर्वी करगहिया दक्षिणी काली,विष्णु मंदिर 4877500
बेतिया हरिवाटिका चौक रामजानकी मंदिर 1496600
बेतिया गनौली मठ का चहारदीवारी 2387700
इनके अलावा अन्य सात मंदिरों मठो की चहारदीवारी का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है़
