साठी हॉस्पिटल चौक की घटना
केस की जांच को कटहरी गांव जा रहे
थे दारोगा
साठी (बेतिया) : शातिर अपराधी पुनीत दूबे ने साठी थाना में पदस्थापित दारोगा कारू मुर्मू की सोमवार को जमकर पिटाई की व वार्दी फाड़ दी़ साठी थानाध्यक्ष अवधेश कुमार झा ने त्वरीत कार्रवाई करते हुए बहुअरवा निवासी शातिर अपराधी पुनीत दूबे को गिरफ्तार कर लिया. घटना शाम करीब साढ़े पांच की बतायी गयी है. एएसपी अभियान राजेश कुमार ने बताया कि सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व दारोगा पर हमला करने का मामला गंभीर है़ आरोपित पर सख्त कार्रवाई की जायेगी़
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की शाम नरकटियागंज इंस्पेक्टर के साथ साठी थाने की जीप से दारोगा कारू मुर्मू केस के अनुसंधान के लिए जा रहे थे. इसी बीच, हॉस्पिटल चौक पर पूर्व से मौजूद शातिर अपराधी पुनीत दूबे मौजूद था़ जैसे ही वह साठी पुलिस की जीप को देखा़ हाथ देकर पुलिस गाड़ी को रोका़ गाड़ी रुकते ही नरकटियागंज इंस्पेक्टर की मौजूदगी में ही दारोगा को पहले जीप से खींच कर नीचे उतारा़ इसके बाद उनके साथ जमकर मारपीट की. बाद में दारोगा कारू की वर्दी फाड़ दी़ घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शातिर पुनीत को गिरफ्तार कर लिया है.
शातिर अपराधी पुनीत दूबे पर लगा आरोप
नरकटियागंज इंस्पेक्टर भी
थे साथ
आरोपित पुनीत दूबे गिरफ्तार
इंस्पेक्टर के साथ बदसलूकी
पुलिस की जीप जैसे ही साठी हॉस्पिटल चौक से गुजरी, पहले से मौजूद पुनीत ने हाथ देकर गाड़ी रोक दी. इसके बाद जीप में बैठे दारोगा को खींच सड़क पर पिटाई करने लगा. इस दौरान दारोगा की वर्दी भी फाड़ दी. विरोध करने पर नरकटियागंज इंस्पेक्टर के साथ बदसलूकी की.
कई मामलों में जेल जा चुका है पुनीत. शातिर अपराधी पुनीत दूबे पूर्व में हत्या व लूट के मामलों में जेल जा चुका है. वर्ष 2012 में मुशहरवा के राकेश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. घटना एक बरात में हुई थी. इस हत्याकांड में पुनीत दुबे का नाम सामने आया था. बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया था. इसके बाद रामनगर में भी गैंगवार में एक युवक की हत्या के मामले में वह जेल जा चुका है. इसके अलावा बाइक लूट में भी उसका नाम सामने आया था. बाद में पुलिस ने इस मामले में उसे जेल भेज दिया था.
