बेतिया : सूबे में कपड़े पर नए वैट कानून होने के विरोध में गुरुवार को शहर के कपड़ा व्यवसायियों ने अपनी दुकान बंद रखी. सड़क पर उतर जुलूस की शक्ल में डीएम कार्यालय पहुंचे. सीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा. चेताया कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो वह अपनी दुकानें बंद रखेंगे. इसपर डीएम ने कहा कि आपकी मांग सीएम तक पहुंचा दी जायेगी.
इसके पहले बेतिया वस्त्र व्यवसायी संघ के बैनर तले कपड़ा व्यवसायियों ने बैठक कर सरकार के इस कानून के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति बनायी. कहा कि यदि सरकार उनके मांगों पर विचार नहीं करती है तो पूरे राज्य में कपड़ा व्यवसायी संघ के आह्वान पर आंदोलन की जायेगी.
सीएम को सौंपे ज्ञापन में भी व्यवसायियों ने इसका जिक्र करते हुए आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने की बात कही है. इस मौके पर कपड़ा व्यवसायी प्रमोद अग्रवाल, राजेश झुनझुनवाला, सुरेश सिंघानिया, महेश झुनझुनवाला, प्र्रमोद सिंघानिया समेत तमाम व्यवसायी मौजूद रहे.
